अब ‘कैप्टन कूल’ कहने से पहले सोचिएगा! एमएस धोनी ने उठाया कानूनी कदमl
भारतीय क्रिकेट के सबसे शांत और चतुर कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी ने एक चौंकाने वाला फैसला लेते हुए ‘कैप्टन कूल’ शब्द को ट्रेडमार्क कराने का आवेदन दाखिल कर दिया है। यह वही उपनाम है, जो धोनी की शांति और सूझबूझ को देखते हुए फैंस और मीडिया ने उन्हें वर्षों पहले दिया था। अब धोनी चाहते हैं कि इस नाम का व्यावसायिक उपयोग बिना अनुमति कोई न कर सके।
यह आवेदन 5 जून 2025 को दाखिल किया गया था और इसे 16 जून को ट्रेडमार्क जर्नल में प्रकाशित किया गया है। यदि ट्रेडमार्क मंज़ूर हो जाता है, तो ‘कैप्टन कूल’ नाम किसी अन्य व्यक्ति या संस्था द्वारा विज्ञापन, ब्रांडिंग या प्रचार के उद्देश्य से प्रयोग नहीं किया जा सकेगा।
दिलचस्प यह भी है कि धोनी से पहले प्रभा स्किल स्पोर्ट्स (ओपीसी) प्रा. लि. नाम की एक कंपनी ने भी इस नाम के लिए आवेदन किया था, लेकिन उसका आवेदन फिलहाल “सुधार के लिए दायर” स्थिति में है, जिससे धोनी की दावेदारी और मजबूत मानी जा रही है।
धोनी के इस क़दम को उनकी ब्रांड वैल्यू को और विस्तार देने की दिशा में अहम माना जा रहा है। हालांकि, उनकी ओर से इस विषय पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया अभी तक सामने नहीं आई है।
धोनी का ‘कैप्टन कूल’ नाम यूं ही नहीं मशहूर हुआ। उन्होंने भारत को तीन ICC ट्रॉफी—2007 का टी20 वर्ल्ड कप, 2011 का वनडे वर्ल्ड कप, और 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी—जिताई हैं, और हर बार उन्होंने कठिन परिस्थितियों में बेहद शांत दिमाग से बड़े फैसले लेकर मैच पलटे हैं।
अब देखना यह होगा कि क्या ‘कैप्टन कूल’ नाम पर धोनी को आधिकारिक अधिकार मिलते हैं या नहीं, लेकिन इतना तय है कि आने वाले दिनों में यह एक चर्चित कानूनी मामला बन सकता है।
Share this content:
