April 18, 2026

‘ड्रग एडिक्ट हैं सोनम और राज…’ — राजा रघुवंशी के भाई ने लगाए गंभीर आरोप, नार्को टेस्ट और थर्ड डिग्री पूछताछ की मांग

इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी मर्डर केस में अब एक और बड़ा दावा सामने आया है। मृतक राजा रघुवंशी के बड़े भाई विपिन रघुवंशी ने आरोप लगाया है कि हत्या के मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी और उसका बॉयफ्रेंड राज कुशवाहा ड्रग एडिक्ट हैं। उन्होंने कहा कि दोनों एक-दूसरे के बेहद करीब थे और साथ मिलकर नशा भी करते थे।

विपिन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह ड्रग्स की लत ही है, जिसने दोनों को अपराध की ओर धकेला। उन्होंने साफ तौर पर मांग की कि दोनों का नार्को टेस्ट कराया जाए, ताकि सच सामने आ सके और आरोपी अपने बयान से पलट न सकें।

राजा के भाई का यह भी कहना है कि इस केस में पहले गिरफ्तार किए गए आनंद और आकाश अब अपने बयान बदल चुके हैं, जिससे यह आशंका और भी गहरी हो गई है कि सोनम और राज भी मुकर सकते हैं। इसलिए वे चाहते हैं कि पुलिस सख्ती से काम ले और जरूरत पड़े तो थर्ड डिग्री पूछताछ का सहारा लिया जाए।

फिलहाल इस केस में पुलिस ने अब तक कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें सोनम रघुवंशी, राज कुशवाहा, आनंद कुर्मी, आकाश राजपूत, विशाल चौहान, फ्लैट मालिक, चौकीदार और एक ब्रोकर शामिल हैं।

विपिन रघुवंशी ने यह भी कहा कि जब तक उन्हें अपने भाई के साथ हुए विश्वासघात का पूरा न्याय नहीं मिल जाता, तब तक उनका परिवार शांत नहीं बैठेगा। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से पारदर्शी और निष्पक्ष जांच की अपील की है, ताकि पूरे अपराध नेटवर्क का पर्दाफाश हो सके।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!