कोलकाता गैंगरेप केस: लॉ स्टूडेंट से दुष्कर्म मामले में चौथी गिरफ्तारी, कॉलेज का सिक्योरिटी गार्ड भी अरेस्ट
कोलकाता के लॉ कॉलेज में हुई गैंगरेप की दर्दनाक घटना में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने शनिवार को कॉलेज के सिक्योरिटी गार्ड को भी गिरफ्तार कर लिया है, जो इस मामले में चौथा आरोपी है। इससे पहले तीन अन्य आरोपियों को पीड़िता के बयान के आधार पर हिरासत में लिया गया था।
यह घटना 25 जून की शाम करीब 7:30 बजे की है, जब पीड़िता कॉलेज में एक छात्र संगठन की बैठक के बाद बाहर निकल रही थी। तभी आरोपियों ने उसे पकड़कर गार्डरूम में ले जाकर घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता ने बताया कि एक आरोपी ने उससे दुष्कर्म किया, जबकि दो अन्य ने उसकी मदद की। उसने रो-रोकर रहम की भीख मांगी, पैर पकड़े, लेकिन दरिंदे नहीं रुके।
यह घटना न सिर्फ कोलकाता बल्कि पूरे देश में आक्रोश का कारण बनी है। अब तक की जांच में जो चौथा आरोपी सामने आया है, वह उसी कॉलेज का सिक्योरिटी गार्ड है, जो कथित रूप से वारदात में शामिल था।
इस बीच, राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) की सदस्य अर्चना मजूमदार ने कोलकाता पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि वह कोलकाता में रहते हुए भी लगातार पुलिस से संपर्क की कोशिश कर रही हैं, लेकिन उन्हें कोई जानकारी नहीं मिल रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पीड़िता को अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां उसकी मेडिकल जांच नहीं कराई गई, जिससे जांच की प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
NCW का मानना है कि जानबूझकर मेडिकल एविडेंस जुटाने में देरी की जा रही है। आयोग को न पीड़िता की लोकेशन दी जा रही है और न ही मेडिकल अपडेट। यह लापरवाही न्याय की प्रक्रिया में गंभीर बाधा बन सकती है।
Share this content:
