गाजियाबाद: फर्जी बीमा पॉलिसी के नाम पर 4 करोड़ की ठगी, साइबर थाना पुलिस ने गिरोह के 7 सदस्य दबोचे
साहिबाबाद साइबर क्राइम थाना पुलिस ने एक बड़े ठगी रैकेट का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह देशभर में फर्जी बीमा पॉलिसी के नाम पर लोगों को चूना लगाकर अब तक चार करोड़ रुपये से अधिक की ठगी कर चुका है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग मिलकर बीमा के नाम पर ठगी का धंधा चला रहे हैं। जांच के बाद प्रतापविहार फ्लाईओवर के नीचे से दो कारों में सवार सात आरोपियों को धर दबोचा गया। गिरोह के सदस्य अलग-अलग राज्यों के लोगों को टारगेट कर फर्जी बीमा योजनाओं के जरिए पैसा ऐंठते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन अग्रवाल, राहुल, आफताब, एक और राहुल, दीपक, गर्वित और जगजीत के रूप में हुई है। इनके पास से पुलिस ने 26 मोबाइल फोन, 14 एटीएम कार्ड, 4 चेकबुक, 4 सिम कार्ड, 2 कारें और 1.98 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
आरोपी फर्जी सिम और बैंक खातों का इस्तेमाल करते थे जो उन्हें उनके सहयोगियों के जरिए उपलब्ध कराए जाते थे। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े बाकी साथियों की तलाश में जुट गई है और ठगी की रकम के इस्तेमाल की भी जांच की जा रही है।
साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच यह कार्रवाई पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। आम जनता को भी सलाह दी गई है कि किसी अनजान कॉल या बीमा प्रस्ताव पर बिना जांच-परख के भरोसा न करें।
Share this content:
