कनाडा में संदिग्ध हालातों में दिल्ली की तान्या त्यागी की मौत, उठे कई सवाल

दिल्ली की रहने वाली तान्या त्यागी एक बेहतर भविष्य और उच्च शिक्षा का सपना लेकर कनाडा गई थीं। वो कैलगरी यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रही थीं, लेकिन 17 जून को उनकी अचानक हुई मौत की खबर ने सबको हैरान कर दिया। वैंकूवर स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास ने पुष्टि की है कि तान्या की मृत्यु संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और फिलहाल मामले की जांच जारी है।

तान्या की मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई? मौत के समय उनके आसपास कौन था? और इस घटना का सबसे पहले पता किसे चला? इन सभी सवालों के जवाब अब तक नहीं मिल पाए हैं। दूतावास की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि वे तान्या के परिवार के संपर्क में हैं और हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।

इस बीच सोशल मीडिया पर एक अनवेरिफाइड पोस्ट वायरल हो रहा है जिसमें दावा किया गया है कि तान्या की मौत हार्ट अटैक से हुई है। इस पोस्ट में पीएमओ को टैग करते हुए परिवार ने बेटी के शव को भारत लाने के लिए मदद की अपील की है। पोस्ट में यह भी बताया गया है कि तान्या दिल्ली के विजय पार्क इलाके की रहने वाली थीं।

यह पहली बार नहीं है जब किसी भारतीय छात्र की विदेश में रहस्यमय हालात में मौत हुई हो। कुछ महीने पहले डोमिनिकन गणराज्य में छुट्टियां मनाने गई भारतीय-अमेरिकी छात्रा सुदीक्षा कोणंकी भी लापता हो गई थीं और बाद में उसका कोई सुराग नहीं मिला। उस मामले की भी जांच अधूरी ही रही।

तान्या त्यागी की असमय मौत से फिर यही सवाल उठ रहा है कि क्या विदेशों में पढ़ने जा रहे भारतीय छात्रों की सुरक्षा को लेकर पर्याप्त कदम उठाए जा रहे हैं? यह मामला एक बार फिर सरकार और एजुकेशन सेक्टर दोनों के लिए चेतावनी है कि छात्रों की सुरक्षा सिर्फ एक औपचारिकता नहीं, प्राथमिकता बननी चाहिए। फिलहाल तान्या की मौत की असली वजह सामने आने का इंतजार है।

Share this content:

About The Author

You may have missed