नोएडा एयरपोर्ट के पास सिर्फ ₹7.5 लाख में मिलेगा प्लॉट, यीडा ने शुरू की खास योजना
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के पास स्थित सेक्टर 18 और 20 में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने एक नई प्लॉट योजना शुरू की है। यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लोगों के लिए लाई गई है, जिसमें न्यूनतम 3,000 से लेकर 8,000 तक प्लॉट शामिल किए गए हैं। प्रत्येक प्लॉट का आकार 30 वर्ग मीटर है और कीमत मात्र ₹7.5 लाख रखी गई है।
प्राधिकरण के अनुसार, यह स्कीम खासकर उन लोगों के लिए तैयार की गई है जो यीडा क्षेत्र में काम करते हैं या भविष्य में काम करेंगे। नोएडा एयरपोर्ट के इर्द-गिर्द फैक्ट्रियों, औद्योगिक इकाइयों और निवेश परियोजनाओं में कार्यरत श्रमिकों की आवास जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।
इस योजना में प्लॉट लकी ड्रॉ के माध्यम से आवंटित किए जाएंगे। पात्रता के लिए आवेदकों को कुल कीमत का 10% अग्रिम रूप में जमा करना होगा। योजना के तहत सफल आवेदक को सात वर्षों में आसान किस्तों में भुगतान की सुविधा भी दी जाएगी।
इसमें कुल प्लॉट का 29% हिस्सा उन लोगों के लिए आरक्षित किया गया है जो यीडा के औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत हैं। इसके अलावा 5% रिटायर्ड रक्षा कर्मियों और 5% यीडा कर्मचारियों के लिए भी आरक्षण तय किया गया है। यह स्कीम विशेष रूप से फैक्ट्री वर्कर, सिक्योरिटी गार्ड और घरेलू सहायकों जैसे सेवा क्षेत्र के लोगों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है, जो तेजी से विकसित हो रहे इस क्षेत्र में घर बनाने का सपना देख रहे हैं।
Share this content:
