सोनम की चार सहेलियों में सबसे खास कौन? राजा की मां को शक, बोलीं- बेटे की हत्या का राज उसी के पास
राजा रघुवंशी हत्याकांड में रोज़ नए मोड़ सामने आ रहे हैं. अब शिलांग कोर्ट ने सोनम रघुवंशी और चार अन्य आरोपियों की पुलिस रिमांड दो दिन और बढ़ा दी है. इस बीच राजा की मां, भाई और ज्योतिषाचार्य तीनों ने दावा किया है कि हत्या के पीछे सिर्फ ये पांच नाम नहीं हैं, बल्कि कोई छठा चेहरा भी है, जो अभी पर्दे में है.
राजा की मां उमा रघुवंशी ने साफ तौर पर सोनम की एक खास सहेली पर शक जताया है. उन्होंने कहा कि सोनम की चार खास सहेलियां हैं, लेकिन उनमें से एक के साथ उसका रिश्ता कुछ ज्यादा ही गहरा था. उमा ने बताया कि वो लड़की दिन-रात सोनम के साथ रहती थी और दोनों लगातार संपर्क में रहती थीं. उमा को शक है कि उसी लड़की को राजा की हत्या की पूरी जानकारी है और पुलिस को उससे गहराई से पूछताछ करनी चाहिए.
वहीं ज्योतिषाचार्य अजय दुबे ने भी दावा किया है कि सोनम के किसी महिला के साथ समलैंगिक संबंध हो सकते हैं. उन्होंने कहा कि सोनम की कुंडली में यह संकेत मिलते हैं कि वह लड़कियों में दिलचस्पी रखती है और यह भी मुमकिन है कि उसी रिश्ते के कारण यह हत्या हुई हो. उनका कहना है कि जल्द ही इस “दूसरी महिला” का चेहरा सामने आएगा, जो इस केस की दिशा को पूरी तरह बदल सकता है.
राजा के भाई सचिन रघुवंशी ने भी कोर्ट से अपील की है कि सोनम का नार्को टेस्ट कराया जाए, क्योंकि आठ दिन की रिमांड में वह हत्या की असली वजह नहीं बता सकी. सचिन ने दावा किया कि इस केस में तीन और लोग शामिल हैं, जिनका नाम अभी सामने नहीं आया है. उन्होंने कहा कि जैसे ही ये नाम सामने आएंगे, केस की पूरी कहानी पलट जाएगी.
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या सोनम की चार सहेलियों में से कोई एक राजा की हत्या के राज़ की चाबी है? क्या हत्या की असल वजह एक गुप्त रिश्ता है? और क्या नार्को टेस्ट से सामने आएगा इस हत्याकांड का असली चेहरा? पुलिस अब इन नए एंगल्स पर जांच को आगे बढ़ा रही है.
Share this content:
