बिहार में पुलिस की पिटाई से महिला की मौत, सड़क पर प्रदर्शन और जाम के बाद मचा बवाल
बिहार के पटना जिले के दुल्हिनबाजार थाना क्षेत्र के झबूचक गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पुलिस की कथित पिटाई से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान सतेंद्र बिंद की पत्नी राधिका देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को पालीगंज-मसौढ़ी रोड पर रखकर आगजनी की और सड़क जाम कर दिया। स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए पालीगंज अनुमंडल के कई थानों की पुलिस मौके पर तैनात की गई।
मृतका की बहू जीरा कुमारी ने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब 12 से 1 बजे के बीच दुल्हिनबाजार थाने की पुलिस उनके घर पर आई थी। पुलिसकर्मी आरोपियों को पकड़ने के उद्देश्य से घर में घुसे थे, लेकिन जब वे नहीं मिले तो परिजनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। जीरा कुमारी के अनुसार, उनकी सासू मां राधिका देवी को पुलिस ने धक्का दिया, जिससे वह जमीन पर गिरकर बेहोश हो गईं और फिर नहीं उठीं। एक महिला पुलिसकर्मी ने उन्हें पानी देने की बात कही, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिसकर्मी बिना कुछ कहे चले गए।
घटना के पीछे की कहानी चार दिन पुरानी है। गांव की एक महिला पूनम देवी ने अपनी बेटी के अपहरण की शिकायत दुल्हिनबाजार थाने में दी थी, लेकिन पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई। निराश होकर पूनम देवी डीजीपी विनय कुमार के जनता दरबार में पहुंची, जिसके बाद तत्काल जांच के आदेश दिए गए और थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया गया।
पुलिस का कहना है कि महिला की मौत कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पालीगंज डीएसपी उमेश्वर कुमार चौधरी के मुताबिक, राधिका देवी के बेटे इस मामले में नामजद आरोपी हैं और इसी सिलसिले में पुलिस उन्हें पकड़ने गई थी। पुलिस और परिजनों के बीच झड़प हुई, जिसमें यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना घट गई।
फिलहाल मेडिकल टीम की मदद से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। डीएसपी ने आश्वासन दिया है कि यदि पुलिसकर्मी दोषी पाए जाते हैं तो उन पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। फिलहाल जाम हटवा दिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना एम्स भेज दिया गया है।
Share this content:
