May 5, 2026

अहमदाबाद विमान हादसा: जांच तेज़, पुराने पायलट्स से भी पूछताछ, हाई-लेवल कमिटी गठित

अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया के विमान हादसे की जांच अब तेज़ी से आगे बढ़ रही है। जांच एजेंसियां अब उन पायलट्स और क्रू मेंबर्स से भी जानकारी लेने की तैयारी में हैं, जिन्होंने पिछले 7-8 दिनों में इस विमान को उड़ाया था। मकसद है यह पता लगाना कि क्या पहले से किसी तकनीकी खराबी के संकेत मिल चुके थे और उन्हें रिपोर्ट किया गया था या नहीं। राहत की बात यह है कि विमान का ब्लैक बॉक्स सुरक्षित मिल गया है, जिससे हादसे के तकनीकी कारणों की पड़ताल में मदद मिलेगी।

 

केंद्र सरकार ने इस गंभीर घटना की जांच के लिए गृह सचिव गोविंद मोहन की अध्यक्षता में एक हाई लेवल मल्टी डिपार्टमेंटल कमिटी गठित की है। इसमें नागरिक उड्डयन मंत्रालय, गृह मंत्रालय, वायुसेना, डीजीसीए, बीसीएएस, खुफिया एजेंसियों और फॉरेंसिक विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। यह कमिटी हादसे के कारणों की गहराई से जांच कर तीन महीने में रिपोर्ट सौंपेगी और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए नई मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का मसौदा तैयार करेगी।

 

घटनास्थल पर राहत और तलाशी अभियान में केंद्रीय एजेंसियों के साथ एनएसजी की एक टीम को भी तैनात किया गया है। हालांकि एनएसजी के पास जांच का अधिकार नहीं है, लेकिन वह अन्य एजेंसियों की मदद कर रही है। दुर्घटनास्थल, जो एक मेडिकल कॉलेज हॉस्टल परिसर है, वहीं पर विमान का पिछला हिस्सा अब भी फंसा हुआ है।

 

गौरतलब है कि यह हादसा उस वक्त हुआ जब एयर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान लंदन के लिए उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद अहमदाबाद के मेघाणीनगर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे में 297 लोगों की जान चली गई, जिससे देशभर में शोक की लहर दौड़ गई है।

 

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!