ईरान के सर्वोच्च नेता की चेतावनी: “इजरायल को मिलेगी कड़ी सजा”, परमाणु वैज्ञानिकों की मौत के बाद फूटा गुस्सा
पश्चिम एशिया में युद्ध जैसे हालात बन चुके हैं। तेहरान पर इजरायली हमले के बाद ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने कड़ी चेतावनी दी है। शुक्रवार को जारी एक बयान में खामेनेई ने कहा, “इजरायल को इस अपराध की भारी कीमत चुकानी होगी।” उन्होंने आरोप लगाया कि इजरायल ने ईरान की धरती पर खून बहाकर अपनी “दुर्भावनापूर्ण मानसिकता” को उजागर कर दिया है।
खामेनेई के अनुसार, इस हमले में ईरान के 4 शीर्ष परमाणु वैज्ञानिक और कई सैन्य अधिकारी मारे गए हैं। उन्होंने इसे ईरान की संप्रभुता पर सीधा हमला बताते हुए कहा कि अब यह सिर्फ जवाब देने का नहीं, बल्कि सजा देने का वक्त है।
इजरायल ने शुक्रवार को ईरान के परमाणु संयंत्रों और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए कई हवाई हमले किए। तेहरान में जोरदार धमाकों की आवाजें सुबह-सुबह सुनाई दीं। इसके बाद इजरायल ने देश में आपातकाल घोषित कर दिया है और संभावित ईरानी जवाबी कार्रवाई के लिए सतर्कता बढ़ा दी गई है।
इजरायली रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज़ ने आशंका जताई है कि अब ईरान की ओर से ड्रोन और मिसाइल हमले हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि नागरिक आबादी को भी निशाना बनाए जाने की संभावना है, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
इस हमले का वैश्विक असर भी देखने को मिल रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में 6% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे आर्थिक अस्थिरता और बढ़ सकती है।
गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहले ही संभावित ईरानी हमले की चेतावनी दे चुके थे और अमेरिका ने पश्चिम एशिया से अपने कुछ कर्मचारियों को हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
अब दुनिया की नजर इस पर टिकी है कि ईरान इस चेतावनी के बाद किस तरह की कार्रवाई करता है और यह टकराव एक पूर्ण युद्ध में बदलता है या नहीं।
Share this content:
