April 20, 2026

इजरायल-ईरान युद्ध: तेहरान पर हमले के बाद ईरान ने दागे 100 से ज्यादा ड्रोन, युद्ध के मुहाने पर खड़ा पश्चिम एशिया

पश्चिम एशिया में हालात बेहद विस्फोटक हो चुके हैं। शुक्रवार सुबह इजरायल ने ईरान की राजधानी तेहरान समेत उसके परमाणु ठिकानों पर भीषण हमला किया, जिसे ‘ऑपरेशन राइजिंग लॉयन’ नाम दिया गया। इस हमले के कुछ ही घंटों बाद ईरान ने इजरायल पर 100 से अधिक ड्रोन से पलटवार किया, जिससे स्थिति पूरी तरह युद्ध की ओर बढ़ती नजर आ रही है।

तेहरान में हुए हमले के बाद कई जगहों से काले धुएं के गुबार उठते देखे गए। इजरायली सेना के मुताबिक, ईरान ने ड्रोन हमले के जरिए इजरायल की सैन्य और रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की। हालांकि अब तक इन हमलों से हुए नुकसान की पूरी जानकारी नहीं दी गई है।

इस हमले को ईरान पर 1980 के दशक के बाद सबसे बड़ा हमला माना जा रहा है। इजरायल का कहना है कि यह कार्रवाई ईरान के बढ़ते परमाणु खतरे को रोकने के लिए जरूरी थी। वहीं ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामनेई ने इजरायल को “कड़ी सजा” देने की चेतावनी दी है।

दोनों देशों ने अपने-अपने हवाई क्षेत्र बंद कर दिए हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है। इजरायली रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने नागरिकों को सतर्क रहने को कहा है, क्योंकि मिसाइल और ड्रोन हमले कभी भी हो सकते हैं।

अमेरिका ने खुद को किया अलग
अमेरिका ने साफ कर दिया है कि इस संघर्ष में उसकी कोई भूमिका नहीं है। व्हाइट हाउस ने कहा कि अगर अमेरिकी कर्मियों या ठिकानों पर हमला होता है, तो जवाबी कार्रवाई की जाएगी।

इस तेजी से बदलती स्थिति के बीच पूरी दुनिया की नजरें अब पश्चिम एशिया पर टिक गई हैं, जहां जंग की आग किसी भी क्षण और भड़क सकती है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!