May 3, 2026

TNPL मैच में अश्विन का गुस्सा फूटा, महिला अंपायर से की तीखी बहस, पैर पर मारा बल्ला

टीम इंडिया से संन्यास ले चुके ऑफ स्पिनर आर अश्विन ने रविवार को तमिलनाडु प्रीमियर लीग (TNPL) के एक मुकाबले में मैदान पर अपना आपा खो दिया। डिंडिगुल ड्रैगन्स की कप्तानी कर रहे अश्विन को आईड्रीम तिरुपुर तामिजंस के खिलाफ मैच में एलबीडब्ल्यू आउट दिया गया, जिसके बाद उन्होंने ऑन-फील्ड महिला अंपायर कृतिका से बहस शुरू कर दी।

मैच के दौरान अश्विन 18 रन बनाकर खेल रहे थे, जब आर साई किशोर की गेंद पर अंपायर ने उन्हें आउट करार दिया। अश्विन का दावा था कि गेंद लेग स्टंप के बाहर गिर रही थी और वह एलबीडब्ल्यू नहीं हो सकते। इस फैसले से नाराज होकर उन्होंने जोरदार विरोध किया और अंपायर से काफी देर तक बहस की।

जब अश्विन पवेलियन लौटे तो उन्होंने अपनी नाराजगी का इज़हार बल्ला अपने ही पैर पर मारकर किया। इस पूरे वाकये का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। बाद में रीप्ले में दिखा कि गेंद वाकई लेग स्टंप के बाहर गिर रही थी, जिससे अश्विन की नाराजगी को कुछ हद तक जायज़ ठहराया गया।

हालांकि अश्विन की नाराजगी का असर उनकी टीम के प्रदर्शन पर भी दिखा। डिंडिगुल ड्रैगन्स की टीम महज 93 रन पर सिमट गई और विरोधी टीम ने 11.5 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। अश्विन खुद गेंदबाजी में भी महंगे साबित हुए, उन्होंने 2 ओवर में 28 रन दिए। विकेटकीपर तुषार रहेजा ने 39 गेंदों में नाबाद 65 रन बनाकर मुकाबला एकतरफा कर दिया।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!