May 3, 2026

ऋषभ पंत को बीच प्रैक्टिस में गौतम गंभीर ने बैटिंग से रोका, हाथ पर लगी गेंद से मचा हलचल

टीम इंडिया इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज की तैयारियों में जुटी है, जिसका आगाज 20 जून से होना है। इस सीरीज से पहले बेकनहैम में चल रहे प्रैक्टिस कैंप से एक बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने उपकप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को नेट्स में बल्लेबाजी के दौरान बीच में रोक दिया, जिससे सभी चौंक गए।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पंत ने थ्रो डाउन से बैटिंग की शुरुआत की और फिर कुलदीप यादव, वॉशिंगटन सुंदर और रवींद्र जडेजा जैसे स्पिनर्स के खिलाफ बल्लेबाजी की। इसके बाद उन्होंने जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज जैसे तेज गेंदबाजों का सामना किया। वह अच्छी लय में नजर आ रहे थे, लेकिन तभी गंभीर ने उन्हें रोक दिया और कुछ देर तक बातचीत की। आमतौर पर गंभीर इस तरह किसी बल्लेबाज की प्रैक्टिस नहीं रोकते, जिससे यह फैसला और भी खास बन गया।

इस प्रैक्टिस सेशन के दौरान एक तेज गेंद पंत के बाएं हाथ पर लग गई, जिसके बाद वे नेट्स से बाहर चले गए। टीम डॉक्टर ने तुरंत उनके हाथ में आइस पैक लगाया और पट्टी बांधी गई। पंत करीब एक घंटे तक आराम करते नजर आए। हालांकि बाद में उन्होंने कहा कि वह बिल्कुल ठीक हैं और टीम डॉक्टर ने भी बड़ी चोट की संभावना से इनकार किया है।

गौरतलब है कि ऋषभ पंत इंग्लैंड की परिस्थितियों में भारत के लिए काफी अहम साबित हो सकते हैं। पिछले इंग्लैंड दौरे में उनका प्रदर्शन बेहतरीन रहा था और फैंस को इस बार भी उनसे बड़ी उम्मीदें हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!