एक चौका… और क्रिकेट इतिहास बदल गया!
सूरज अपनी पूरी रौशनी के साथ चमकता है, तो आसमान तक जल उठता है। आईपीएल 2025 के मैदान पर कुछ ऐसा ही हुआ, जब सूर्यकुमार यादव ने सिर्फ एक चौका लगाकर न केवल मैच का रुख बदला, बल्कि वर्ल्ड रिकॉर्ड बुक में अपनी जगह अमर कर दी। यह सिर्फ एक चौका नहीं था, बल्कि उस जुनून की कहानी थी, जो लगातार 14 पारियों से बिना थके, बिना झुके, रन बनाता आ रहा था।
26 मई 2025, जयपुर – आईपीएल का 69वां लीग मैच चल रहा था। मैदान पर मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स आमने-सामने थे। ये मुकाबला न केवल प्लेऑफ की रेस में निर्णायक था, बल्कि सूर्यकुमार यादव के करियर की भी एक नई ऊंचाई साबित होने वाला था। पहले विकेट के गिरने के बाद सूर्या छठे ओवर में मैदान पर उतरे। आते ही अपने उसी पुराने अंदाज में बाउंड्री लगाई और धीरे-धीरे पारी को रफ्तार दी।
जब 9वें ओवर की आखिरी गेंद पर उन्होंने एक जोरदार चौका जड़ा, तो उनके खाते में 26 रन हो चुके थे। इसी के साथ इतिहास रच गया – सूर्यकुमार यादव ने लगातार 14 पारियों में 25 या उससे ज्यादा रन बनाकर दक्षिण अफ्रीका के टेम्बा बावुमा को पीछे छोड़ते हुए टी20 क्रिकेट में नया वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम कर दिया।
लेकिन यह उपलब्धि यहीं खत्म नहीं हुई। इसी सीजन में, उन्होंने 650 रन का आंकड़ा पार किया – जो न केवल उनके आईपीएल करियर का सर्वोच्च प्रदर्शन बन गया, बल्कि मुंबई इंडियंस की ओर से एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का नया रिकॉर्ड भी बना गया। इससे पहले यह रिकॉर्ड 2010 में सचिन तेंदुलकर के नाम था, जिन्होंने 618 रन बनाए थे। 15 साल बाद, सूर्या ने ‘भगवान’ को भी पीछे छोड़ दिया।
हर मैच में निरंतरता, हर पारी में क्लास और हर रन में जुनून – सूर्यकुमार यादव अब सिर्फ एक बल्लेबाज नहीं, बल्कि आईपीएल के इतिहास में नई ऊर्जा और भरोसे का नाम बन चुके हैं। जिस तरह मन्नत के बाहर फैंस शाहरुख की झलक के लिए इंतज़ार करते हैं, वैसे ही अब सूर्या की बल्लेबाज़ी देखने के लिए मैदान पर आंखें टिकी रहती हैं।
यह सिर्फ क्रिकेट की बात नहीं है, यह उस नायक की कहानी है, जो हर बार गिरकर भी चमकता है – और जब चमकता है, तो पूरा आसमान उसका नाम गूंजता है… सूर्यकुमार यादव!
Share this content:
