April 30, 2026

भारत की शानदार जीत से थर्राया श्रीलंका, त्रिकोणीय सीरीज पर जमाया कब्ज़ा, स्मृति मंधाना की शतकीय पारी ने दिलाया खिताब

त्रिकोणीय महिला क्रिकेट सीरीज के फाइनल में जब भारत और श्रीलंका आमने-सामने आए, तो दर्शक एक रोमांचक मुकाबले की उम्मीद कर रहे थे। लेकिन भारतीय महिला टीम ने जिस अंदाज़ में श्रीलंका को हराया, वह किसी धमाके से कम नहीं था। स्मृति मंधाना की तूफानी शतकीय पारी और गेंदबाज़ों के जबरदस्त प्रदर्शन ने भारत को इस बहुप्रतीक्षित खिताबी जीत तक पहुंचा दिया।

भारत, श्रीलंका और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही इस त्रिकोणीय सीरीज में साउथ अफ्रीका पहले ही बाहर हो चुकी थी। फाइनल में कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। ओपनिंग से ही टीम ने तेज़ शुरुआत की और स्मृति मंधाना ने महज 101 गेंदों में 116 रन की विस्फोटक पारी खेल डाली, जिसमें उन्होंने 15 चौके और 2 छक्के जड़े।

मंधाना के अलावा, हरलीन देओल ने 47 रन, जेमिमा रोड्रिग्स ने 44 रन और कप्तान हरमनप्रीत ने 41 रन की तेज पारी खेली। भारतीय टीम ने कुल 50 ओवर में 342/7 का विशाल स्कोर खड़ा किया।

जवाब में श्रीलंका की टीम लक्ष्य के दबाव में बिखर गई। चमारी अटापट्टू ने जरूर 55 रन बनाए, लेकिन बाकी कोई बल्लेबाज टिक नहीं पाया। पूरी टीम 48.2 ओवर में 245 रन पर सिमट गई और भारत ने यह मुकाबला 97 रन से जीत लिया।

भारत की ओर से गेंदबाजी में स्नेह राणा ने 4 विकेट और अमनजोत कौर ने 3 विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजों की कमर तोड़ दी।

भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन करते हुए केवल एक मुकाबला हारी और फाइनल में जोरदार वापसी कर खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ एक बार फिर साबित हो गया कि भारतीय महिला टीम अब हर मोर्चे पर तैयार है – चाहे वो बल्लेबाजी हो, गेंदबाजी या फिर मैदान पर रणनीति।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!