April 30, 2026

बर्थडे पर मिला फिल्मी तोहफा! ‘तन्वी द ग्रेट’ में कैप्टन समर रैना बने करण टैकर, अनुपम खेर ने लुक कर दिया जारी

39वें जन्मदिन पर करण टैकर को एक ऐसा तोहफा मिला, जिसे उनके फैन्स लंबे समय तक याद रखेंगे। टीवी और ओटीटी पर अपने दमदार अभिनय से लाखों दिलों को जीतने वाले करण टैकर अब बड़े पर्दे पर एक नई पहचान के साथ लौट रहे हैं। उनकी अपकमिंग फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ से उनका फर्स्ट लुक सामने आ गया है, जिसमें वो सेना की वर्दी में मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं।

करण टैकर फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ में कैप्टन समर रैना का किरदार निभा रहे हैं। यह फिल्म किसी आम कहानी से बिल्कुल अलग मानी जा रही है और इसमें उनके किरदार की झलक पहले पोस्टर से ही दर्शकों के बीच रोमांच पैदा कर रही है। खास बात यह है कि यह पोस्टर करण के जन्मदिन यानी 11 मई को रिलीज किया गया, जो उनके लिए दोहरी खुशी का मौका बन गया।

करण टैकर का जन्म 11 मई 1986 को हुआ था और इस साल वह 39 साल के हो गए हैं। इस खास मौके पर दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने करण के इस नए अवतार को सोशल मीडिया पर पेश करते हुए उन्हें जन्मदिन की बधाई दी और उनके अभिनय की जमकर तारीफ की।

अनुपम खेर ने पोस्ट में लिखा, “जन्मदिन की शुभकामनाएं करण। जब मैंने नीरज पांडे की ‘स्पेशल ऑप्स’ देखी, तो मैं करण टैकर की मौजूदगी और अभिनय से बहुत प्रभावित हुआ। ‘खाकी द बिहार चैप्टर’ में भी उन्होंने बेहतरीन काम किया था। करण के पास अभिनय को सहज तरीके से निभाने की अद्भुत कला है, और वह एक अनुभवी कलाकार की गंभीरता भी अपने साथ रखते हैं।”

फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ को लेकर पहले से ही चर्चाएं थीं, लेकिन करण टैकर के इस किरदार ने फैंस की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। अब देखना ये है कि क्या करण का ये नया अवतार दर्शकों को उतना ही पसंद आता है जितना उन्हें छोटे पर्दे पर मिला प्यार। एक बात तो तय है, इस बर्थडे पर करण को उनकी फिल्मी जिंदगी का एक बेहद खास पड़ाव मिला है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!