क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी राहत! युद्धविराम के बाद IPL की वापसी तय, BCCI ने तय की नई तारीख और प्लान
क्रिकेट जगत में फिर से हलचल शुरू हो चुकी है। जिस IPL को युद्ध की आंच में बीच में ही रोकना पड़ा था, अब उसके फिर से लौटने की तैयारियाँ ज़ोरों पर हैं। भारत-पाकिस्तान के बीच हालिया युद्धविराम के बाद बीसीसीआई (BCCI) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) को दोबारा शुरू करने का खास प्लान तैयार कर लिया है। और यदि सबकुछ योजना के मुताबिक चला, तो 25 मई को इस सीज़न का फाइनल मुकाबला खेला जा सकता है।
सूत्रों के अनुसार, बीसीसीआई ने सभी फ्रेंचाइज़ियों को अलर्ट कर दिया है कि वे अपने-अपने विदेशी खिलाड़ियों को जल्द भारत वापस बुलाएं। दरअसल, संघर्ष के कारण लीग के कई मैच अचानक रोक दिए गए थे, और तमाम विदेशी खिलाड़ी अपने देश लौट गए थे। अब जब सीमा पर हालात शांत हो गए हैं, तो उम्मीद की जा रही है कि IPL का अधूरा रोमांच फिर से परवान चढ़ेगा।
बताया जा रहा है कि IPL को निर्धारित कार्यक्रम के तहत ही समाप्त करने के लिए डबल हेडर यानी एक दिन में दो-दो मैच कराए जाएंगे, ताकि बचे हुए मुकाबले भी पूरे किए जा सकें। BCCI ने इसके लिए चेन्नई, बेंगलुरु और हैदराबाद को नए वेन्यू के रूप में चुना है। इन स्थलों के चयन का मकसद है टीमों को ज्यादा ट्रैवल से बचाना और सुरक्षा व लॉजिस्टिक्स को नियंत्रित रखना।
हालांकि, BCCI की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन भीतरखाने सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। माना जा रहा है कि जैसे ही सभी व्यवस्थाएं तय हो जाएंगी, बोर्ड IPL की नई टाइमलाइन और शेड्यूल का एलान कर देगा।
फैंस के बीच इस खबर ने नई ऊर्जा भर दी है। अब सबकी निगाहें बीसीसीआई की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं और सभी बेसब्री से उस पल का इंतज़ार कर रहे हैं, जब IPL की वापसी का औपचारिक ऐलान होगा। क्रिकेट का त्योहार एक बार फिर दस्तक देने को तैयार है – और इस बार शायद पहले से भी ज़्यादा रोमांच और उत्साह के साथ।
Share this content:
