“सिंदूर से तंदूर तक…”: अदनान सामी ने क्यों कहा ‘जय हिंद’? ऑपरेशन सिंदूर पर सिंगर का जबरदस्त रिएक्शन
एक वक्त था जब अदनान सामी पाकिस्तान के नागरिक हुआ करते थे, लेकिन आज वही अदनान सामी भारतीय वायुसेना की कार्रवाई पर ‘जय हिंद’ लिखते हैं और पाकिस्तान की फौज पर तीखे तंज कसते हैं। आखिर क्या है पूरा मामला? क्यों अदनान सामी ने पाकिस्तान को लेकर अपना दर्द फिर एक बार सार्वजनिक किया? और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर उन्होंने क्या कुछ कहा?
दरअसल, बात 2001 की है जब अदनान सामी पाकिस्तान का पासपोर्ट लेकर भारत आए थे। उन्होंने पूरे 15 साल भारत में रहे कर यहां की संस्कृति, संगीत और माहौल को नज़दीक से जाना। 2013 में उनका पाकिस्तानी पासपोर्ट समाप्त हो गया, जिसके बाद उन्होंने भारत की नागरिकता के लिए आवेदन दिया। और आखिरकार, 2016 में उन्हें भारतीय नागरिकता मिल गई।
अब अदनान सामी भारत का हिस्सा हैं और इस नाते वो देश की हर छोटी-बड़ी घटना पर खुलकर अपनी राय रखते हैं। हाल ही में जब जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला हुआ, तो अदनान सामी का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने आतंकवाद की कड़ी निंदा की और सोशल मीडिया पर पाकिस्तान की सेना के खिलाफ अपने विचार बेबाकी से रखे।
इसके बाद जब भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करते हुए 9 आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की और उसे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया, तो अदनान सामी की प्रतिक्रियाएं सोशल मीडिया पर छा गईं। उन्होंने ‘जय हिंद’ लिखते हुए ऑपरेशन सिंदूर का पोस्टर शेयर किया और तिरंगे का इमोजी पोस्ट किया। इतना ही नहीं, उन्होंने एक और वायरल पोस्ट में लिखा – “सिंदूर से तंदूर तक।”
अदनान यहीं नहीं रुके। उन्होंने एक मीम भी शेयर किया जिसमें एक पाकिस्तानी न्यूज एंकर के सिर पर गन तानी हुई है और कैप्शन था – “Pakistani TV news anchor right now: All is well”। ये मीम पाकिस्तान की मीडिया और सेना के हालात पर तंज था, जो इंटरनेट पर खूब वायरल हो रहा है।
हालांकि अदनान सामी को इस पर ट्रोल भी किया जा रहा है, लेकिन उन्होंने अपने एक पुराने अनुभव का ज़िक्र करते हुए बताया कि पाकिस्तान में खुद कई नागरिक वहां की आर्मी से तंग आ चुके हैं और वे भी अपनी नागरिकता बदलना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने खुद भारतीय नागरिकता ली थी, तब कई पाकिस्तानी नागरिकों ने उन्हें समर्थन दिया था।
अदनान सामी का यह खुलकर बोलना और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का समर्थन करना ना सिर्फ उनके भारत के प्रति प्रेम को दर्शाता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि पाकिस्तान की हकीकत को जानने-समझने वाले अब खुलकर उसके खिलाफ बोलने लगे हैं।
“जय हिंद” के साथ अदनान सामी की ये आवाज़ अब सिर्फ एक सिंगर की प्रतिक्रिया नहीं, बल्कि एक भारतीय नागरिक की भावनाओं का प्रतीक बन चुकी है।
Share this content:
