क्या बंद होगा IPL 2025? भारत-पाक तनाव के बीच उठने लगे सवाल, फैंस और खिलाड़ियों में बढ़ी चिंता
कभी सोचा है कि अगर देश युद्ध की ओर बढ़े और ठीक उसी वक्त देश की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग चल रही हो, तो क्या होगा? कुछ ऐसा ही सवाल अब देशभर में गूंज रहा है — क्या IPL 2025 बीच में ही बंद हो जाएगा?
भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव और PoK में भारत की एयर स्ट्राइक के बाद हालात तेजी से बदले हैं। 22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की मौत के बाद भारत ने 3 मई की रात को PoK के 9 आतंकी ठिकानों पर सर्जिकल स्ट्राइक कर दी। यह कार्रवाई रात में उस वक्त हुई, जब वानखेड़े स्टेडियम पर आईपीएल 2025 का 56वां मुकाबला समाप्त हो चुका था — जिसमें गुजरात टाइटंस ने मुंबई इंडियंस को डकवर्थ लुईस नियम के तहत 3 विकेट से हराया था।
इसके बाद से ही देश में युद्ध जैसे हालात बनने लगे हैं। सरकार और सेना अलर्ट मोड में हैं, वहीं सुरक्षा एजेंसियों ने बड़े सार्वजनिक आयोजनों की समीक्षा शुरू कर दी है। ऐसे में BCCI और IPL गवर्निंग काउंसिल की नजरें भी हालात पर टिकी हैं।
IPL 2025 का फाइनल 25 मई को होना है और फिलहाल लीग अपने अंतिम दौर में पहुंच चुकी है। प्लेऑफ की रेस जारी है और देश-विदेश के कई बड़े खिलाड़ी टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे हैं। विदेशी खिलाड़ियों के मन में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है, जबकि भारतीय खिलाड़ियों के लिए यह माहौल एक नई चुनौती लेकर आया है।
फिलहाल, कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन अगर तनाव और बढ़ा तो BCCI को कोई कड़ा फैसला लेना पड़ सकता है। हालांकि, अभी तक टूर्नामेंट तय कार्यक्रम के अनुसार ही चल रहा है।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि IPL क्रिकेट की पिच पर चलता है या युद्ध के मैदान की आहट के आगे थम जाता है।
Share this content:
