April 18, 2026

विराट कोहली के भाई ने कमेंटेटर संजय मांजरेकर को सुनाई खरी-खोटी, स्ट्राइक रेट की बहस पर भड़के

आईपीएल 2025 में विराट कोहली शानदार फॉर्म में हैं और अब तक 10 मैचों में 63 की औसत से 443 रन बना चुके हैं, जिसमें 6 अर्धशतक शामिल हैं। कोहली की इस मजबूत बल्लेबाजी की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर बनी हुई है। टीम के पूर्व कप्तान कोहली जब-जब रन बनाते हैं, बेंगलुरु की टीम जीत दर्ज करती है। इसके बावजूद उनकी बैटिंग को लेकर बहस छिड़ी हुई है, खासकर उनके स्ट्राइक रेट को लेकर। इसी मुद्दे पर विराट कोहली के बड़े भाई विकास कोहली का गुस्सा फूट पड़ा है।

 

पूर्व क्रिकेटर और मौजूदा कमेंटेटर संजय मांजरेकर ने हाल ही में सोशल मीडिया पर इस सीजन के सबसे प्रभावशाली बल्लेबाजों की एक लिस्ट जारी की थी, जिसमें उन्होंने उन्हीं खिलाड़ियों को जगह दी जो रन बनाने के साथ-साथ तेज स्ट्राइक रेट से भी बल्लेबाजी कर रहे हैं। इस लिस्ट में विराट कोहली को शामिल नहीं किया गया, हालांकि वह इस सीजन में टॉप रन स्कोरर्स में शामिल हैं। मांजरेकर के इस कदम को लेकर सोशल मीडिया पर जमकर बहस छिड़ गई और यूजर्स ने सवाल उठाया कि क्या जानबूझकर कोहली को लिस्ट से बाहर किया गया।

 

विकास कोहली ने इस बहस पर प्रतिक्रिया देते हुए मांजरेकर के वनडे स्ट्राइक रेट का हवाला दिया, जो महज 64.31 रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “200 प्लस स्ट्राइक रेट की बातें करना बहुत आसान है।” उनका यह पोस्ट तेजी से वायरल हो गया। कुछ लोगों ने उनका समर्थन किया और कहा कि कोहली की फॉर्म और योगदान को नजरअंदाज करना गलत है, जबकि कुछ का मानना था कि परिवार को ऐसे मामलों में नहीं पड़ना चाहिए।

 

जहां तक कोहली के आंकड़ों की बात है, तो उनका स्ट्राइक रेट इस सीजन में 138.87 का रहा है, जो टॉप 20 रन स्कोरर्स में सबसे कम है। बावजूद इसके, जब-जब कोहली रन बनाते हैं, आरसीबी को जीत मिलती है, जिससे उनकी बल्लेबाजी का महत्व और बढ़ जाता है। इस बीच यह बहस भी चल रही है कि क्या स्ट्राइक रेट को प्रदर्शन का इकलौता पैमाना माना जाना चाहिए या नहीं।

 

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!