‘किल’ के खूंखार विलेन राघव जुयाल की साउथ में एंट्री, नानी की बिग बजट फिल्म में निभाएंगे दमदार निगेटिव रोल
बॉलीवुड के विलेन्स इन दिनों साउथ इंडस्ट्री में भी अपना परचम लहरा रहे हैं। बॉबी देओल और संजय दत्त के बाद अब ‘किल’ फिल्म के खूंखार विलेन राघव जुयाल को साउथ की एक बड़ी फिल्म में रोल मिल गया है। एक समय पर डांसर, कोरियोग्राफर और एंकर के रूप में पहचाने जाने वाले राघव ने जब फिल्म ‘किल’ में नेगेटिव किरदार निभाया, तो दर्शकों को चौंका दिया। उनके अभिनय की खूब सराहना हुई और अब उसी परफॉर्मेंस की बदौलत उन्हें नानी की आने वाली तेलुगु फिल्म ‘द पैराडाइज’ में विलेन की भूमिका में देखा जाएगा।
‘किल’ फिल्म को देश की सबसे ज्यादा खून-खराबे वाली फिल्म कहा जा रहा है और इसमें राघव का किरदार बेहद हिंसक और प्रभावशाली था। इस फिल्म के बाद राघव की लोकप्रियता में जबरदस्त इजाफा हुआ और साउथ की इंडस्ट्री ने भी उनकी प्रतिभा को पहचान लिया। बताया जा रहा है कि नानी की फिल्म में राघव को नेगेटिव रोल के लिए चुना गया है और उन्होंने इसके लिए हामी भी भर दी है।
तेलुगु वेबसाइट ‘Telugu360.com’ के मुताबिक नानी अपनी नई फिल्म ‘The Paradise’ की तैयारी में हैं और मई के मध्य में इसकी शूटिंग शुरू करेंगे। फिलहाल वो ‘HIT 3’ के प्रमोशन्स में व्यस्त हैं जो 1 मई को रिलीज हो रही है। ‘The Paradise’ एक बड़े बजट की फिल्म है जिसका म्यूजिक अनिरुद्ध तैयार कर रहे हैं और इसे सुधाकर चेरुकुरी की एसएलवी सिनेमा प्रोड्यूस कर रही है। फिल्म को 26 मार्च 2026 को रिलीज किया जाएगा, जिसकी आधिकारिक घोषणा पहले ही की जा चुकी है।
राघव जुयाल की इस फिल्म में एंट्री यह साबित करती है कि अब विलेन के रोल्स में भी कलाकारों को गंभीरता से लिया जा रहा है और परफॉर्मेंस के आधार पर उन्हें बड़े प्रोजेक्ट्स मिल रहे हैं। ‘किल’ में राघव के जबरदस्त अभिनय ने उन्हें नए मुकाम पर पहुंचा दिया है और अब यह देखना दिलचस्प होगा कि वह साउथ के इस बिग बजट प्रोजेक्ट में क्या धमाल मचाते हैं।
Share this content:
