पाकिस्तानी महिला टीम की स्टार ऑलराउंडर निदा डार ने क्रिकेट से अचानक लिया ब्रेक, मेंटल हेल्थ का दिया हवाला
पाकिस्तानी महिला क्रिकेट टीम की अनुभवी खिलाड़ी निदा डार ने क्रिकेट से अनिश्चितकालीन ब्रेक लेने का फैसला किया है। इस बात की जानकारी खुद निदा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए दी। उन्होंने लिखा कि पिछले कुछ महीनों में व्यक्तिगत और पेशेवर जीवन में कई घटनाओं ने उनकी मेंटल हेल्थ पर असर डाला है, जिसके चलते उन्होंने क्रिकेट से दूरी बनाने का निर्णय लिया है। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह ब्रेक कितने समय तक रहेगा। निदा डार पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी भी कर चुकी हैं और उनके नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में 250 से ज्यादा विकेट दर्ज हैं।
निदा डार ने अपने पोस्ट में सभी से उनकी निजता का सम्मान करने की अपील भी की है। पाकिस्तान महिला टीम का आगामी कार्यक्रम काफी व्यस्त है। उसे अगस्त में आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज खेलनी है और फिर सितंबर में भारत में आयोजित होने वाले महिला वर्ल्ड कप 2025 में भाग लेना है। रिपोर्ट्स के अनुसार निदा डार का वर्ल्ड कप टीम में चुना जाना कठिन था क्योंकि टीम अब भविष्य की तैयारियों पर फोकस कर रही है। उनकी उम्र 38 साल हो चुकी है और हाल ही में वह फिटनेस टेस्ट भी पास नहीं कर पाई थीं।
निदा डार का पिछला इंटरनेशनल मैच अक्टूबर 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ दुबई में खेला गया था। इसके बाद से वह फॉर्म से जूझ रही थीं और घरेलू टूर्नामेंट नेशनल महिला टी20 कप में भी हिस्सा नहीं ले पाई थीं। इसके बावजूद निदा डार का पाकिस्तान महिला क्रिकेट में योगदान काफी अहम रहा है। उन्होंने 112 वनडे मैचों में 108 विकेट चटकाए और 1690 रन बनाए हैं, वहीं टी20 इंटरनेशनल में 144 विकेट के साथ 2091 रन भी उनके नाम दर्ज हैं। लंबे समय तक पाकिस्तानी टीम का मजबूत स्तंभ रहीं निदा डार का यूं अचानक ब्रेक लेना फैंस के लिए एक बड़ा झटका है।
Share this content:
