April 19, 2026

BCCI के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से बाहर हुए ये 5 खिलाड़ी, शार्दुल ठाकुर का नाम भी शामिल

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 2024-25 के लिए अपने नए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का ऐलान कर दिया है। इस बार जहां बोर्ड ने पांच नए खिलाड़ियों को पहली बार कॉन्ट्रैक्ट में जगह दी है, वहीं कुछ पुराने चेहरों को बाहर का रास्ता भी दिखा दिया गया है। इस बार कुल 34 खिलाड़ियों को कॉन्ट्रैक्ट में शामिल किया गया है, जबकि पांच ऐसे खिलाड़ी हैं जो पिछले साल की लिस्ट में थे लेकिन अब उन्हें बाहर कर दिया गया है।

इनमें पहला नाम है अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का, जिन्होंने दिसंबर 2024 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ब्रिसबेन में खेले गए तीसरे टेस्ट के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। इसी वजह से उन्हें सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल नहीं किया गया है। दूसरा नाम है स्टार ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर का, जिन्होंने दिसंबर 2023 में भारत के लिए आखिरी मैच खेला था। चोट के चलते वह लंबे समय से टीम से बाहर हैं और अब आईपीएल 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेल रहे हैं। लगातार टीम से बाहर रहने के चलते उन्हें भी कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट से बाहर रखा गया है।

तेज गेंदबाज आवेश खान भी इस बार कॉन्ट्रैक्ट से बाहर हुए हैं। उन्होंने नवंबर 2024 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ आखिरी बार भारत के लिए मैच खेला था। अब तक वे 8 वनडे और 25 टी20 मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, लेकिन हालिया फॉर्म और चयन में स्थिरता ना होने के चलते उन्हें कॉन्ट्रैक्ट से बाहर कर दिया गया। विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा ने 2024 में भारत के लिए डेब्यू किया था और नौ टी20 मैच खेले, लेकिन उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन ना कर पाने और टी-20 वर्ल्ड कप टीम में जगह ना मिलने की वजह से उन्हें बाहर किया गया।

आखिरी नाम है केएस भरत का, जो काफी समय तक टीम इंडिया के साथ बतौर स्पेशलिस्ट विकेटकीपर बल्लेबाज जुड़े रहे लेकिन उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा। लगातार औसत प्रदर्शन की वजह से अब उन्हें भी BCCI ने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट की सूची से बाहर कर दिया है। इन खिलाड़ियों का बाहर होना यह संकेत देता है कि BCCI अब प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों के चयन को प्राथमिकता दे रही है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!