April 19, 2026

राजस्थान के घर में लखनऊ सुपर जायंट्स की रोमांचक जीत, आवेश खान बने हीरो

आईपीएल 2025 का 36वां मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जहां लखनऊ सुपर जायंट्स ने राजस्थान रॉयल्स को उनके ही होम ग्राउंड पर 2 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस मैच में कई रोमांचक मोड़ देखने को मिले। मुकाबले की शुरुआत में राजस्थान की ओर से 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल डेब्यू कर सभी का ध्यान खींचा। उन्होंने अपनी पहली ही गेंद पर छक्का जड़ते हुए शानदार आगाज किया और 20 गेंदों पर 2 चौकों व 3 छक्कों की मदद से 34 रनों की तेज पारी खेली। वैभव और यशस्वी जायसवाल ने मिलकर पहले विकेट के लिए 85 रनों की साझेदारी की, जिससे लखनऊ के गेंदबाजों पर दबाव बन गया। हालांकि इसके बावजूद लखनऊ की टीम ने संयम बनाए रखा और समय-समय पर विकेट निकालकर मुकाबले में खुद को बनाए रखा।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स ने 5 विकेट पर 180 रन बनाए। टीम की ओर से एडेन मारक्रम और आयुष बडोनी ने महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। मारक्रम ने 45 गेंदों पर 66 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 3 छक्के शामिल थे। वहीं बडोनी ने 34 गेंदों में 50 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। अंत में अब्दुल समद ने सिर्फ 10 गेंदों पर नाबाद 30 रन बनाकर स्कोर को मजबूत किया। समद ने पारी के अंतिम ओवर में संदीप शर्मा को लगातार चार छक्के जड़ते हुए टीम को 180 के आंकड़े तक पहुंचाया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की टीम की शुरुआत धमाकेदार रही। यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने पहले विकेट के लिए 85 रन जोड़े। वैभव के आउट होने के बाद नितीश राणा जल्दी पवेलियन लौट गए लेकिन जायसवाल और कप्तान रियान पराग ने पारी को संभालते हुए टीम को 150 के पार पहुंचाया। जायसवाल ने इस दौरान अर्धशतक भी पूरा किया। एक समय ऐसा लग रहा था कि राजस्थान आसानी से मुकाबला जीत लेगी लेकिन 18वें ओवर में आवेश खान ने यशस्वी जायसवाल (74) और रियान पराग (39) को आउट कर मैच का रुख पलट दिया।

19 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर 4 विकेट पर 172 रन था और आखिरी ओवर में जीत के लिए 9 रन चाहिए थे। लेकिन एक बार फिर आवेश खान ने कमाल करते हुए आखिरी ओवर में सिर्फ 6 रन दिए और अपनी टीम को 2 रन से जीत दिला दी। इस तरह लखनऊ सुपर जायंट्स ने न सिर्फ एक अहम मुकाबला जीता बल्कि पॉइंट्स टेबल में भी खुद को मज़बूत स्थिति में पहुंचा दिया

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!