RCB को हराकर चमके केएल राहुल, फिर मांगी बेंगलुरु की जीत की दुआ, जानिए पूरा मामला
आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में शानदार पारी खेलने वाले केएल राहुल एक बार फिर सुर्खियों में हैं। गुरुवार, 10 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स और आरसीबी के बीच हुए मुकाबले में राहुल ने नाबाद 93 रन की मैच जिताऊ पारी खेली और अपनी टीम को 6 विकेट से जीत दिलाई। बेंगलुरु की सरजमीं पर राहुल ने बल्ला पटककर जश्न मनाया और यह संदेश दिया कि यह शहर और मैदान उनका घर है, जिसे वो सबसे बेहतर जानते हैं।
हालांकि इसके ठीक एक दिन बाद राहुल का एक वीडियो सामने आया, जिसने सभी को चौंका दिया। इस वीडियो में राहुल बेंगलुरु की जीत की दुआ करते नजर आ रहे हैं। लेकिन हैरानी की बात ये है कि यह दुआ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए नहीं, बल्कि उसी शहर की मशहूर फुटबॉल टीम बेंगलुरु एफसी के लिए है। इस वीडियो को खुद बेंगलुरु एफसी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसमें राहुल क्लब की जर्सी पकड़े नजर आ रहे हैं और इंडियन सुपर लीग के फाइनल के लिए टीम को शुभकामनाएं दे रहे हैं।
रविवार, 13 अप्रैल को बेंगलुरु एफसी फाइनल में मोहन बागान सुपर जायंट्स एफसी से भिड़ेगी। दिलचस्प बात ये है कि इस फुटबॉल क्लब के मालिक जेएसडब्लू ग्रुप हैं, जो आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के भी सह-मालिक हैं। यही कारण है कि दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान रहे राहुल का झुकाव इस क्लब की ओर देखा गया। दूसरी तरफ मोहन बागान एफसी के मालिक संजीव गोयनका हैं, जो आईपीएल की लखनऊ फ्रेंचाइज़ी के मालिक भी हैं और जिन्होंने हाल ही में राहुल को टीम से बाहर कर दिया था। ऐसे में राहुल का बेंगलुरु एफसी को समर्थन देना कहीं न कहीं निजी जुड़ाव और पेशेवर समीकरणों की कहानी भी बयां करता है।
Share this content:
