फिक्सिंग मामले में BCCI ने लिया बड़ा फैसला, मुंबई टी20 लीग के पूर्व मालिक को किया बैन
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मुंबई टी20 लीग की फ्रेंचाइजी सोबो सुपरसोनिक्स के पूर्व सह मालिक गुरमीत सिंह भामराह को मैच फिक्सिंग के प्रयास के चलते बैन कर दिया है। भामराह पर आरोप है कि उन्होंने टूर्नामेंट के 2019 चरण के दौरान खिलाड़ियों से संपर्क कर फिक्सिंग की कोशिश की थी। उन्होंने इस दौरान भारतीय क्रिकेटर धवल कुलकर्णी और कोच भाविन ठक्कर से संपर्क साधा था। बीसीसीआई की एंटी करप्शन यूनिट (ACU) की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई है।
हालांकि, आदेश में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि गुरमीत सिंह भामराह पर बैन कितने समय के लिए लगाया गया है। BCCI की संहिता के अनुसार अगर कोई व्यक्ति अनुच्छेद 2.1.1, 2.1.2, 2.1.3 या 2.1.4 का उल्लंघन करता है तो उस पर कम से कम पांच साल और अधिकतम आजीवन प्रतिबंध लगाया जा सकता है। भामराह पहले बंद हो चुकी जीटी20 कनाडा लीग से भी जुड़े थे और अब मुंबई टी20 लीग का हिस्सा नहीं हैं, जिसे 2019 के बाद एक बार फिर शुरू किया जा रहा है।
ACU के आदेश में कहा गया है कि गुरमीत सिंह भामराह के कहने पर सोनू वासन नाम के व्यक्ति ने भाविन ठक्कर से संपर्क कर फिक्सिंग का प्रस्ताव रखा था। बातचीत के दौरान वासन ने पैसे और अन्य लाभ की पेशकश की थी और कहा था कि इस प्रस्ताव के संबंध में ठक्कर जो भी निर्णय लेंगे, वे भामराह को बता देंगे। वहीं, धवल कुलकर्णी से संपर्क के बारे में सिर्फ इतना कहा गया है कि उनका बयान एसीयू द्वारा दर्ज किया गया है।
धवल कुलकर्णी ने 2014 में भारतीय वनडे टीम के लिए डेब्यू किया था और उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय वनडे मैच 2016 में खेला था। उनके नाम पर 12 वनडे में 19 विकेट और 2 टी20 इंटरनेशनल में 3 विकेट दर्ज हैं।
Share this content:
