April 19, 2026

फतेहपुर में हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा, प्रयागराज अस्थि विसर्जन जा रहे चार लोगों की मौत

फतेहपुर जिले के खागा कोतवाली क्षेत्र स्थित सुजानीपुर चौराहे पर शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार कार हाईवे किनारे खड़े डंपर से जा टकराई। जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरदो लाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया और दो घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, मृतक झांसी जनपद के दीनदयाल नगर निवासी रामकुमार शर्मा (55), उनकी पत्नी कमलेश भार्गव (50), रिश्तेदार शुभम (35) निवासी गुरूसरायं, और पराग चौबे (50) थे। वे अपने पुत्र आदित्य की अस्थियां विसर्जित करने के लिए प्रयागराज जा रहे थे। उनके साथ कार में आदित्य की पत्नी चारू (35) और 12 वर्षीय पुत्र काश्विक भी सवार थे। आदित्य की मौत 14 अप्रैल को मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर में नदी में डूबने से हो गई थी, और 17 अप्रैल को अंतिम संस्कार के बाद परिवार 18 अप्रैल की रात को झांसी से प्रयागराज के लिए रवाना हुआ था।

शनिवार सुबह करीब साढ़े चार बजे जैसे ही कार सुजानीपुर चौराहे पर हनुमान मंदिर के पास पहुंची, वह सड़क किनारे खड़े डंपर से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत फरार हो गया। इंस्पेक्टर खागा हेमंत कुमार मिश्र ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए फतेहपुर मोर्चरी भेज दिया गया है। परिजनों के आने के बाद तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!