April 19, 2026

कनाडा में बस स्टॉप पर खड़ी भारतीय छात्रा की गोलीबारी में मौत, महावाणिज्य दूतावास ने जताया शोक

कनाडा के ओंटारियो प्रांत के हैमिल्टन शहर में एक 21 वर्षीय भारतीय छात्रा हरसिमरत रंधावा की गोलीबारी में मौत हो गई। वह मोहॉक कॉलेज की छात्रा थी और काम पर जाने के लिए बस स्टॉप पर खड़ी थी, तभी दो कारों के बीच हुई गोलीबारी की चपेट में आ गई। पुलिस के अनुसार, यह गोली एक कार से दूसरी कार पर चलाई गई थी, लेकिन उसी दौरान छात्रा भी निशाने पर आ गई। गोली उसके सीने में लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही टोरंटो स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए घटना पर गहरा शोक जताया। दूतावास ने लिखा कि हरसिमरत एक बेगुनाह पीड़िता थी, जो बस स्टॉप पर खड़ी थी और गोलीबारी की चपेट में आ गई। दूतावास पीड़ित परिवार के संपर्क में है और हर संभव मदद प्रदान कर रहा है।

पुलिस ने बताया कि उन्हें शाम करीब 7.30 बजे हैमिल्टन के अपर जेम्स इलाके से गोलीबारी की सूचना मिली थी। जांच में सामने आया कि काले रंग की कार में सवार लोगों ने सफेद रंग की कार पर गोलियां चलाईं। फायरिंग के बाद हमलावर फरार हो गए। घटना के दौरान एक घर की खिड़की से भी गोली होकर निकल गई, लेकिन घर में मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!