April 19, 2026

लखनऊ में चलती कार में चचेरी बहनों से दुष्कर्म की कोशिश, हादसे में ब्यूटीशियन की मौत

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बंथरा इलाके में गुरुवार देर रात एक शर्मनाक और दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां चलती कार में तीन युवकों ने ब्यूटीशियन और उसकी चचेरी नाबालिग बहन से दुष्कर्म की कोशिश की। पीड़ितों के विरोध पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की, और घटना को हादसे का रूप देने के लिए तेज रफ्तार कार को चबूतरे से टकरा दिया, जिससे गाड़ी पलट गई। इस हादसे में ब्यूटीशियन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी चचेरी बहन घायल हो गई। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है और बाकी दो की तलाश जारी है।

जानकारी के मुताबिक, ब्यूटीशियन के पति एक निजी कंपनी में काम करते हैं और उनका तीन साल का बेटा है। उन्होंने बताया कि उन्नाव निवासी अजय, जो उनकी पत्नी का परिचित था, ने फोन कर बंथरा के रमदासपुर में शादी से पहले मेहंदी लगाने के लिए बुलाया। अजय अपने साथ विकास और आदर्श को लेकर रात करीब 12:30 से एक बजे के बीच कार से ब्यूटीशियन और उसकी चचेरी बहन को लेने पहुंचा।

रात करीब तीन बजे ब्यूटीशियन की चचेरी बहन ने अपने जीजा को फोन कर बताया कि लौटते समय कार सवार तीनों युवकों ने उनके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। विरोध करने पर मारपीट की और चाकू से हमला किया। इसके बाद वारदात को दुर्घटना दिखाने के लिए कार को जानबूझकर चबूतरे से टकरा दिया गया, जिससे कार पलट गई। घायल किशोरी का आरोप है कि तीनों आरोपियों ने उन्हें और उनके परिवार को मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।

सूचना पर पीड़िता का पति मौके पर पहुंचा और घायल पत्नी को लेकर सीएचसी गया, जहां डॉक्टरों ने ब्यूटीशियन को मृत घोषित कर दिया। एसीपी कृष्णानगर विकास पांडेय ने बताया कि आरोपी आदर्श को हिरासत में ले लिया गया है, और घायल किशोरी ने भी छेड़छाड़ और हादसे की पुष्टि की है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!