April 19, 2026

सीजन के बीच गुजरात टाइटंस ने किया बदलाव, अनसोल्ड रहे दासुन शनाका को टीम में मिली जगह

आईपीएल 2025 का रोमांच चरम पर है और इसी बीच गुजरात टाइटंस की टीम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। टीम ने चोटिल ग्लेन फिलिप्स की जगह श्रीलंका के अनुभवी ऑलराउंडर दासुन शनाका को स्क्वाड में शामिल किया है। शनाका को टीम ने 75 लाख रुपए में साइन किया है। खास बात यह है कि आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में शनाका अनसोल्ड रहे थे और किसी भी फ्रेंचाइज़ी ने उन पर दांव नहीं लगाया था, लेकिन अब सीजन के बीच में ही उन्हें मौका मिला है।

ग्लेन फिलिप्स को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एक मैच में सब्सटीट्यूट फील्डर के तौर पर फील्डिंग करते समय चोट लग गई थी। वह ईशान किशन के शॉट को रोकने की कोशिश में गिर पड़े और चोटिल हो गए। दर्द की वजह से उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा और अब वे पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। आईपीएल 2025 में फिलिप्स को एक भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला था और वह लगातार बेंच पर ही बैठे रहे। इससे पहले कगिसो रबाडा भी व्यक्तिगत कारणों से गुजरात टाइटंस का साथ छोड़कर अपने देश लौट चुके हैं।

दासुन शनाका इससे पहले आईपीएल 2023 में भी गुजरात टाइटंस का हिस्सा रह चुके हैं। उस सीजन में उन्होंने तीन मैच खेले थे और 26 रन बनाए थे। हालांकि उन्हें ज्यादा मौका नहीं मिल पाया था, लेकिन इस बार वह खुद को साबित करने के इरादे से वापसी कर रहे हैं। शनाका श्रीलंका टीम के पूर्व कप्तान रह चुके हैं और उनके पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अच्छा अनुभव है। उन्होंने अब तक 102 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं, जिनमें 1456 रन बनाने के साथ-साथ 33 विकेट भी अपने नाम किए हैं। अब देखना होगा कि वह इस बार आईपीएल में गुजरात के लिए क्या खास कर पाते हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!