रणदीप हुड्डा बोले – ‘जाट अकड़ के चलते छोड़ी रंग दे बसंती और रॉक ऑन जैसी फिल्में’
इन दिनों रणदीप हुड्डा अपनी फिल्म ‘जाट’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं और इसी सिलसिले में वो पत्रकार शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट शो में पहुंचे, जहां उन्होंने अपने फिल्मी करियर और निजी जीवन को लेकर कई खुलासे किए। रणदीप ने बिना लाग-लपेट के माना कि करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने कई अहम फिल्मों को अपने घमंड या कहें ‘जाट अकड़’ के चलते खो दिया।
रणदीप ने बताया कि उन्हें फिल्म ‘रंग दे बसंती’ में भगत सिंह का किरदार ऑफर हुआ था, जो बाद में सिद्धार्थ ने निभाया। उन्होंने इस किरदार के लिए बाकायदा ऑडिशन भी दिया था और फिल्म करना भी चाहते थे। लेकिन उसी दौरान राम गोपाल वर्मा की फिल्म ‘डी’ को लेकर बात चल रही थी, जिसमें वर्मा उन्हें लीड रोल देना चाहते थे। रणदीप के मुताबिक, राम गोपाल वर्मा ने उनसे कहा था, “मैं तुझे लीड में ले रहा हूं और तू आमिर खान के पीछे पोस्टर में खड़ा होना चाहता है?” बस यही बात रणदीप के मन में घर कर गई और उनकी ‘जाट अकड़’ बाहर आ गई। इसके बाद उन्होंने ‘रंग दे बसंती’ से पीछे हटने का फैसला कर लिया।
रणदीप ने आगे यह भी खुलासा किया कि उन्होंने फिल्म ‘रॉक ऑन’ को भी ठुकरा दिया था। उन्होंने यह नहीं बताया कि किस कारण से उन्होंने फिल्म छोड़ी, लेकिन यह जरूर जताया कि करियर के अहम मोड़ों पर उन्होंने जो फैसले लिए, उनमें कई बार उनका आत्मसम्मान या घमंड आड़े आ गया। रणदीप का मानना है कि ये फैसले शायद उनके करियर को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकते थे, लेकिन उन्होंने अलग राह चुनना बेहतर समझा।
आज जब रणदीप अपनी फिल्म ‘जाट’ के साथ फिर से चर्चा में हैं और दर्शकों का प्यार बटोर रहे हैं, ऐसे में उनका यह आत्ममंथन न सिर्फ दिलचस्प है, बल्कि युवा कलाकारों के लिए भी एक बड़ी सीख हो सकती है कि करियर के अहम मोड़ों पर भावनाओं से ज्यादा सोच-समझ से फैसले लेना जरूरी होता है।
Share this content:
