सनी देओल की ‘जाट’ बनी सुपरहिट, बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई, मेकर्स ने किया ‘जाट 2’ का ऐलान
सनी देओल की फिल्म ‘जाट’ ने रिलीज़ के बाद लगातार बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन किया है। फिल्म ने एक हफ्ता पूरा करने के बाद भी कमाई की रफ्तार कम नहीं की है और अब इसे सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि एक यूनिवर्स के रूप में देखा जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए मेकर्स ने ‘जाट 2’ की आधिकारिक घोषणा कर दी है। ‘गदर 2’ की तरह ही यह फिल्म भी मास दर्शकों को आकर्षित कर रही है, खासकर सिंगल स्क्रीन थियेटरों में इसे जबरदस्त पसंद किया जा रहा है।
फिल्म को रिलीज़ हुए 8 दिन हो चुके हैं और शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, ‘जाट’ ने पहले हफ्ते में 57.97 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। फिल्म का हर दिन का कलेक्शन शानदार रहा है और 8वें दिन की कमाई में भी मजबूती देखी जा रही है, हालांकि ये आंकड़े अंतिम नहीं हैं और इनमें बदलाव संभव है।
‘जाट’ ने अब तक की कमाई से सनी देओल के करियर में एक नया रिकॉर्ड जोड़ दिया है। यह फिल्म अब ‘गदर 2’ (525.1 करोड़) और ‘गदर’ (76.88 करोड़) के बाद सनी देओल की तीसरी सबसे बड़ी हिट बन चुकी है। 2011 में आई ‘यमला पगला दीवाना’ ने 55.28 करोड़ की कमाई की थी, जिसे ‘जाट’ ने 7वें दिन ही पार कर लिया।
अब ‘जाट’ सनी देओल के करियर की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनने के बेहद करीब है। ‘गदर’ के 76.88 करोड़ के आंकड़े से यह फिल्म लगभग 17 करोड़ रुपये पीछे है और आने वाले वीकेंड पर फिल्म की कमाई में उछाल इसे उस रिकॉर्ड के बेहद करीब ला सकता है।
‘जाट’ का निर्देशन साउथ के मशहूर डायरेक्टर गोपीचंद मालिनेनी ने किया है और इसे करीब 100 करोड़ रुपये के बजट में तैयार किया गया है। फिल्म में सनी देओल के साथ-साथ विनीत कुमार सिंह ने भी अहम नेगेटिव किरदार निभाया है, जिन्हें हाल ही में ‘छावा’ में देखा गया था। इसके अलावा सैयामी खेर, रेजिना कैसेंड्रा, राम्या कृष्णन और जगपति बाबू भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आए हैं। फिल्म को मैथ्री मूवी मेकर्स ने प्रोड्यूस किया है, जो इससे पहले ‘पुष्पा 2’ और ‘गुड बैड अग्ली’ जैसी बड़ी फिल्मों का निर्माण कर चुके हैं।
Share this content:
