अक्षय कुमार की ‘केसरी 2’ 18 अप्रैल को होगी रिलीज, फैंस से की खास अपील
अक्षय कुमार अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘केसरी 2’ को लेकर दर्शकों के बीच उत्साह बढ़ा रहे हैं। फिल्म 18 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है और अक्षय इन दिनों जोर-शोर से इसका प्रमोशन कर रहे हैं। 15 अप्रैल को उन्होंने नई दिल्ली में फिल्म का स्पेशल प्रीमियर अटेंड किया, जहां उन्होंने मीडिया और फैंस से बातचीत की। इस दौरान अक्षय ने सभी से खास अपील करते हुए कहा कि फिल्म देखने के दौरान कोई भी अपना फोन इस्तेमाल न करे। उन्होंने कहा कि फिल्म के हर डायलॉग का अपना गहरा मतलब है और उसे ध्यान से सुनना जरूरी है। इंस्टाग्राम या फोन देखने की बजाय फिल्म पर ध्यान देना चाहिए, क्योंकि ऐसा न करना फिल्म का अपमान होगा।
‘केसरी 2’ साल 2019 में आई सुपरहिट फिल्म ‘केसरी’ की अगली कड़ी है, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया था। अब इस फिल्म का ट्रेलर भी काफी सराहा जा रहा है। करण सिंह त्यागी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अक्षय कुमार वकील सी शंकरन नायर की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म की कहानी जलियांवाला बाग हत्याकांड और उसके खिलाफ उठी आवाज पर आधारित है, जिसमें अक्षय का किरदार ब्रिटिश राज की सच्चाई सामने लाने की लड़ाई लड़ता है। फिल्म में अनन्या पांडे भी एक वकील के किरदार में नजर आएंगी। हाल ही में फिल्म का गाना ‘ओ शेरा’ रिलीज हुआ है, जिसकी अनाउंसमेंट करते हुए अक्षय ने लिखा, “अब समय आ गया है सच्चाई की गरज सुनने और वीरता की ताकत महसूस करने का।”
Share this content:
