PBKS vs KKR: ड्रीम 11 टीम बनाने से पहले जानें दोनों टीमों की स्थिति और खिलाड़ियों का फॉर्म
आईपीएल 2025 के 15 अप्रैल को खेले जाने वाले मुकाबले में पंजाब किंग्स का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। यह मैच न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां पंजाब का प्रदर्शन अब तक ज्यादा प्रभावशाली नहीं रहा है। इस मैदान पर पंजाब ने कुल 7 मुकाबलों में से सिर्फ 2 में जीत दर्ज की है। हालांकि चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेले गए अपने पिछले मैच में पंजाब ने इसी मैदान पर जीत हासिल की थी, जिससे टीम का आत्मविश्वास बढ़ा होगा। वहीं कोलकाता ने भी अपना पिछला मैच चेन्नई के खिलाफ ही खेला था और उसमें उन्हें जीत मिली थी, ऐसे में दोनों टीमें इस मुकाबले में अपनी जीत की लय को बरकरार रखने की कोशिश करेंगी।
पॉइंट्स टेबल पर नजर डालें तो कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स दोनों के ही 6-6 अंक हैं। कोलकाता जहां बेहतर नेट रन रेट के चलते पांचवें पायदान पर है, वहीं पंजाब किंग्स छठे स्थान पर काबिज है। इस सीजन पंजाब की कप्तानी कर रहे श्रेयस अय्यर जबरदस्त फॉर्म में हैं। उन्होंने अब तक 5 मैचों में 250 रन बनाए हैं और टीम के सबसे सफल बल्लेबाज हैं। उनके अलावा युवा बल्लेबाज प्रियांश आर्या ने भी शानदार प्रदर्शन किया है और एक शतक की मदद से 5 मैचों में 194 रन बना चुके हैं। नेहाल वढेरा और प्रभसिमरन सिंह ने भी अहम मौकों पर उपयोगी पारियां खेली हैं। हालांकि टीम के लिए ग्लेन मैक्सवेल की फॉर्म चिंता का विषय बनी हुई है, जो अब तक बल्ले से खास योगदान नहीं दे सके हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या टीम मैनेजमेंट अगले मैचों में उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर करता है या एक और मौका देता है।
Share this content:
