KKR के खिलाफ मैच में अर्शदीप सिंह के पास रिकॉर्ड बनाने का मौका, पीयूष चावला को पछाड़ने से हैं सिर्फ दो विकेट दूर
आईपीएल 2025 के 31वें मुकाबले में 15 अप्रैल को पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीमें आमने-सामने होंगी। यह मैच मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। पंजाब किंग्स ने अब तक अपने पांच में से तीन मैचों में जीत हासिल की है जबकि दो में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स ने भी अपने छह मैचों में से तीन में जीत दर्ज की है और तीन में हार झेली है। इस मुकाबले में पंजाब के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के पास एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका होगा। अर्शदीप अगर दो विकेट लेने में कामयाब हो जाते हैं तो वह आईपीएल में पंजाब किंग्स के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन जाएंगे। फिलहाल यह रिकॉर्ड पीयूष चावला के नाम है जिन्होंने पंजाब के लिए 87 मैचों में 84 विकेट चटकाए थे।
अर्शदीप सिंह ने आईपीएल 2025 में अब तक पांच मैचों में 27.14 की औसत और 9.50 की इकॉनमी रेट से 7 विकेट लिए हैं। उनका बेस्ट प्रदर्शन 43 रन देकर 3 विकेट रहा है। पंजाब किंग्स के लिए उन्होंने अब तक कुल 70 मैचों में 27.01 की औसत और 9.06 की इकॉनमी रेट से 83 विकेट झटके हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 36 रन देकर 5 विकेट लेना रहा है। अर्शदीप ने साल 2019 में आईपीएल में डेब्यू किया था और तभी से वह इसी फ्रेंचाइजी का हिस्सा रहे हैं। दूसरी ओर पीयूष चावला ने 2008 से 2013 तक पंजाब के लिए खेलते हुए 26.63 की औसत और 7.52 की इकॉनमी रेट से 84 विकेट लिए थे। अब अर्शदीप सिर्फ एक विकेट लेकर चावला की बराबरी कर सकते हैं और दो विकेट लेकर उनसे आगे निकल जाएंगे।
Share this content:
