श्रेयस अय्यर को मिला आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड, चैंपियंस ट्रॉफी में किया था शानदार प्रदर्शन
भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को मार्च 2025 के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की ओर से प्लेयर ऑफ द मंथ का प्रतिष्ठित अवॉर्ड मिला है। उन्होंने इस खिताब की रेस में न्यूजीलैंड के जैकब डफी और रचिन रवींद्र को पीछे छोड़ दिया। अय्यर ने हाल ही में समाप्त हुई चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने पांच मैचों की पांच पारियों में कुल 243 रन बनाए और टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर भी रहे। उनके बल्ले से न्यूजीलैंड के खिलाफ ग्रुप स्टेज मैच में 98 रन (79 गेंद), ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में 62 रन (45 गेंद) और फाइनल में फिर से न्यूजीलैंड के खिलाफ 62 रन (48 गेंद) निकले। अय्यर की इन पारियों ने भारत को चैंपियन बनाने में निर्णायक भूमिका निभाई।
अवार्ड मिलने के बाद श्रेयस अय्यर ने कहा कि उन्हें मार्च महीने का आईसीसी मेन्स प्लेयर ऑफ द मंथ चुने जाने पर बहुत गर्व और सम्मान महसूस हो रहा है। उन्होंने इसे एक बेहद खास अनुभव बताया, खासकर उस महीने में जब भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी। उन्होंने कहा कि यह ऐसा पल है जिसे वह हमेशा संजोकर रखेंगे।
श्रेयस अय्यर का यह शानदार फॉर्म आईपीएल 2025 में भी जारी है। पंजाब किंग्स के कप्तान अय्यर ने अब तक खेले गए 5 मैचों में 250 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 208.33 रहा है। इस दौरान वह तीन अर्धशतक भी लगा चुके हैं और टीम के लिए लगातार उपयोगी साबित हो रहे हैं। अब उनसे उम्मीद की जा रही है कि वह आगे भी इसी लय में प्रदर्शन करते रहेंगे।
वहीं, बीसीसीआई द्वारा जारी किए गए पिछले सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में श्रेयस अय्यर को शामिल नहीं किया गया था, क्योंकि उन्होंने घरेलू क्रिकेट को पर्याप्त प्राथमिकता नहीं दी थी। लेकिन बाद में उन्होंने घरेलू मैच खेले और बेहतर प्रदर्शन किया। ऐसे में माना जा रहा है कि अब उन्हें एक बार फिर से सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में जगह मिल सकती है। बीसीसीआई जल्द ही इसको लेकर आधिकारिक ऐलान कर सकता है।
Share this content:
