फिल्म ‘जाट’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया धमाल, रणदीप हुड्डा की अब तक की सबसे बड़ी हिट बनी
सनी देओल और रणदीप हुड्डा की फिल्म ‘जाट’ इन दिनों सुर्खियों में बनी हुई है। फैंस फिल्म को भरपूर प्यार दे रहे हैं और इसका बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन जारी है। फिल्म 50 करोड़ क्लब में एंट्री लेने के बेहद करीब है। समीक्षकों और दर्शकों से फिल्म को बेहतरीन रिव्यू मिले हैं, खासकर रणदीप हुड्डा की दमदार एक्टिंग की खूब तारीफ हो रही है। फिल्म ने 9.5 करोड़ की ओपनिंग ली थी, दूसरे दिन 7 करोड़, तीसरे दिन 9.75 करोड़ और चौथे दिन 14 करोड़ का कलेक्शन किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक पांचवें दिन फिल्म ने लगभग 7.5 करोड़ की कमाई की है, हालांकि ये आंकड़े अभी ऑफिशियल नहीं हैं। अगर ये कलेक्शन सही साबित होता है, तो फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 47.75 करोड़ तक पहुंच जाएगा। इस कमाई के साथ ही फिल्म ने रणदीप हुड्डा की 8 पुरानी फिल्मों के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। इनमें ‘हीरोइन’ (43.22 करोड़), ‘जन्नत 2’ (42.25 करोड़), ‘हाईवे’ (30.65 करोड़), ‘जिस्म 2’ (30.23 करोड़), ‘सरबजीत’ (27.21 करोड़), ‘स्वतंत्रवीर सावरकर’ (24.61 करोड़), ‘दो लफ्जों की कहानी’ (5.72 करोड़) और ‘तेरा क्या होगा लवली’ (.10 करोड़) शामिल हैं। हाल ही में रणदीप हुड्डा ने एक इंटरव्यू में कहा कि बॉलीवुड में उन्हें वह सराहना नहीं मिली जिसकी वो हकदार थे और ‘हाईवे’ के प्रमोशन के वक्त उन्हें साइडलाइन कर दिया गया था। ‘जाट’ का निर्देशन गोपीचंद मालिनेनी ने किया है और इसमें विनीत सिंह, सयामी खेर जैसे कलाकार भी नजर आ रहे हैं। फिल्म को हर तरफ से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।
Share this content:
