April 18, 2026

मथुरा रेलवे स्टेशन पर प्रेमी युगल ने खाया विषाक्त पदार्थ, इलाज के दौरान दोनों की मौत

मथुरा रेलवे स्टेशन के पास एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक प्रेमी युगल ने टीन शेड के नीचे विषाक्त पदार्थ खा लिया। इस हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। दोनों की हालत बिगड़ने पर वहां मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस और जीआरपी को सूचना दी। रेलवे स्टेशन के गेट नंबर दो के पास स्थित मालगोदाम के टीन शेड के नीचे मंगलवार सुबह करीब 10 बजे यह घटना घटी। विषाक्त पदार्थ के असर से दोनों जमीन पर तड़पने लगे। मौके पर पहुंची एंबुलेंस टीम ने जब युवकों से उनका नाम पूछा तो युवक ने खुद को महेंद्र निवासी शाहपुर, उत्तर प्रदेश बताया, जबकि युवती ने अपना नाम निशा निवासी छतरपुर बताया।

दोनों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम जिला अस्पताल पहुंच गई। हालांकि, घटनास्थल की सीमा को लेकर जीआरपी और हाईवे पुलिस के बीच विवाद शुरू हो गया। जीआरपी ने इसे हाईवे थाना क्षेत्र का मामला बताया और कार्रवाई की जिम्मेदारी हाईवे पुलिस पर डाल दी। वहीं, हाईवे पुलिस ने अपने क्षेत्राधिकार से बाहर का मामला बताकर जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया। इस खींचतान के चलते दोनों के शव करीब एक घंटे तक जिला अस्पताल के बेड पर ही पड़े रहे। अंततः जीआरपी थाना प्रभारी यादराम ने मामले की जानकारी एसपी सिटी को दी, जिसके बाद कार्रवाई आगे बढ़ पाई। इस घटना ने पुलिस की कार्यशैली और आपसी तालमेल पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!