यूपी में आंधी-तूफान पर सपा विधायक का विवादित बयान, बोले- भगवान भी बीजेपी से नाराज हैं

उत्तर प्रदेश में गुरुवार को आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया। इस मुद्दे पर जहां एक ओर किसान परेशान हैं, वहीं समाजवादी पार्टी के विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव का एक अजीबो-गरीब बयान सामने आया है, जो अब सुर्खियों में है। गाज़ीपुर की जंगीपुर विधानसभा से विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव ने प्राकृतिक आपदा के लिए भारतीय जनता पार्टी को जिम्मेदार ठहराया है।

डॉ. यादव ने कहा कि जब-जब बीजेपी की सरकार आती है, तब-तब प्राकृतिक आपदाएं आती हैं और किसानों को नुकसान होता है। उन्होंने दावा किया कि भगवान भी बीजेपी से नाराज हैं और यही कारण है कि ऐसी आपदाएं आ रही हैं। उन्होंने आगे कहा, “यह वही समय होता है जब किसान खेतों में कटाई और कमाई करता है, ऐसे में प्राकृतिक आपदा आना किसानों के लिए बड़ा खतरा है। बीजेपी की सरकार जब भी आई है, तब इस तरह की आपदाएं भी आई हैं।”

विधायक का यह बयान बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर सपा कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान आया। कार्यक्रम में डॉ. यादव ने भाजपा पर संविधान को कमजोर करने का भी आरोप लगाया और कहा कि बाबा साहब ने जिस संविधान से दबे-कुचले वर्गों को अधिकार दिलाया, उस पर मौजूदा सरकार कुठाराघात कर रही है।

उन्होंने मौजूदा केंद्र और राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि गरीबों को सिर्फ 5 किलो राशन देकर उनका मज़ाक उड़ाया जा रहा है, और बुलडोज़र की राजनीति से जनता को डराया जा रहा है। डॉ. यादव ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी की सरकार को जनता उखाड़ फेंकेगी और समाजवादी पार्टी सत्ता में लौटेगी।

सपा विधायक का यह बयान अब राजनीतिक बहस का मुद्दा बन चुका है, जहां एक तरफ विरोधी इसे बेतुका और असंवेदनशील बता रहे हैं, वहीं समर्थक इसे किसानों की पीड़ा की आवाज बता रहे हैं।

Share this content:

About The Author

You may have missed