April 17, 2026

चोरी की शिकायत कर पुलिस को दी चुनौती, खुद ही निकली मास्टरमाइंड – मोतिहारी में 21 वर्षीय युवती गिरफ्तार

मोतिहारी जिले के पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां चोरी की शिकायत करने वाली एक लड़की खुद ही इस घटना की मास्टरमाइंड निकली। पुलिस ने मंगलवार (08 अप्रैल, 2025) को इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए 21 वर्षीय शिवानी को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना बड़कागांव गांव की है, जहां रामनारायण सिंह के घर सोमवार (07 अप्रैल) को चोरी हुई थी। इस मामले में उनकी बेटी शिवानी ने पकड़ीदयाल थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को एक चौंकाने वाला पत्र भी सौंपा था, जो कथित रूप से चोरों द्वारा छोड़ा गया था। उस पत्र में लिखा था – “लव यू पुलिस मामा, आपसे तेज हैं। 10 घर में चोरी करनी है। आठ घरों में चोरी कर ली है, दो बाकी हैं। पकड़ सको तो पकड़ लो।”

इस पत्र को गंभीरता से लेते हुए मोतिहारी के एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर पकड़ीदयाल एएसपी मोहिबुल्लाह अंसारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। 24 घंटे के अंदर ही पुलिस ने मामले की गुत्थी सुलझा ली। जांच में सामने आया कि चोरी और पत्र दोनों की मास्टरमाइंड खुद शिवानी ही थी। हैंडराइटिंग विश्लेषण में चोरों के कथित पत्र और शिवानी के थाने में दिए आवेदन की लिखावट एक जैसी पाई गई।

शिवानी ने अपने आवेदन में 6 लाख रुपये के जेवरात और 10 हजार रुपये नकद की चोरी की बात कही थी। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और चोरी का सारा सामान घर से ही बरामद कर लिया गया।

मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एएसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने पूरे मामले की जानकारी दी और स्पष्ट शब्दों में कहा – “पुलिस मामू नहीं, बाप है।” फिलहाल, शिवानी को जेल भेजने की प्रक्रिया चल रही है।

यह मामला पुलिस के लिए एक चुनौती जरूर बना, लेकिन तत्परता और सूझबूझ से उन्होंने 24 घंटे के भीतर इसका खुलासा कर दिया। अब सबसे बड़ा सवाल यही है – आखिर शिवानी ने ऐसा कदम क्यों उठाया?

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!