April 17, 2026

बरेली: पत्नी और ससुरालवालों की प्रताड़ना से तंग आकर युवक ने की आत्महत्या, पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां घरेलू विवाद और लगातार प्रताड़ना से परेशान एक युवक ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 35 वर्षीय इस्लाम के रूप में हुई है, जो फर्नीचर फैक्ट्री में मजदूरी करता था।

पत्नी ने लगाए केस, कोर्ट ने लगाया भारी मेंटेनेंस

परिजनों का आरोप है कि इस्लाम की पत्नी शहाना ने उस पर कई कानूनी मुकदमे दर्ज करवाए थे और कोर्ट से 2.80 लाख रुपये सालाना मेंटेनेंस दिलवाया था। एक मजदूर होने के कारण इस्लाम इतनी बड़ी रकम चुकाने में असमर्थ था। हालांकि, उसने किसी तरह 60 हजार रुपये चुका दिए थे, लेकिन बाकी रकम के कारण वह कर्ज और मानसिक तनाव में डूबता चला गया।

सड़क पर धमकी के बाद उठाया खौफनाक कदम

परिजनों के अनुसार, 5 अप्रैल की शाम को इस्लाम ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के बहनोई नाजिम ने आरोप लगाया कि आत्महत्या से पहले शहाना, उसकी मां नसरीन और भाइयों ने इस्लाम को रास्ते में घेरकर मारपीट की थी और मकान बेचकर 25 लाख रुपये देने की धमकी दी थी। इस धमकी से मानसिक रूप से टूट चुके इस्लाम ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

परिजन कर रहे इंसाफ की मांग, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

इस्लाम के भाई हसीब और रईस ने बताया कि शादी के बाद से ही शहाना और उसके परिवार वाले इस्लाम को मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने कोतवाली थाने में शहाना और उसके परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 108 के तहत केस तो दर्ज किया है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

मामले में सीओ सिटी पंकज श्रीवास्तव ने कहा कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है। वहीं, मृतक के परिजन प्रशासन से जल्द कार्रवाई और न्याय की गुहार लगा रहे हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!