April 19, 2026

इंग्लैंड क्रिकेट टीम में नया अध्याय: हैरी ब्रूक बने वनडे और टी20 कप्तान

इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने वनडे और टी20 इंटरनेशनल फॉर्मेट के लिए हैरी ब्रूक को नया कप्तान नियुक्त कर दिया है। जबकि टेस्ट क्रिकेट में बेन स्टोक्स ही कप्तानी संभालते रहेंगे, लिमिटेड ओवर्स में हैरी ब्रूक को टीम की कमान सौंपी गई है।

चैंपियंस ट्रॉफी में टीम के खराब प्रदर्शन के बाद जॉस बटलर ने कप्तानी से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद नए कप्तान की तलाश में ECB जुट गया। 26 वर्षीय हैरी ब्रूक, जिन्होंने पहले भी जॉस बटलर के अधीन उपकप्तानी का अनुभव प्राप्त किया है, अब इस जिम्मेदारी को स्थायी तौर पर संभालेंगे।

पहले से कप्तानी का अनुभव
हैरी ब्रूक का कप्तानी का अनुभव अंडर-19 स्तर से शुरू हुआ था। उन्होंने 2018 में न्यूजीलैंड में आयोजित अंडर-19 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड की टीम की कमान संभाली थी, जिससे उनके नेतृत्व कौशल की झलक मिली।

आईपीएल से संबंधित विवाद
इससे पहले हैरी ब्रूक दिल्ली कैपिटल्स के लिए आईपीएल में खेलने वाले थे, लेकिन व्यक्तिगत कारणों के चलते उन्होंने टूर्नामेंट में हिस्सा लेने से इंकार कर दिया था। इसके चलते बीसीसीआई ने उन पर दो साल का प्रतिबंध लगा दिया है।

अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन का खाता
हैरी ब्रूक का अंतरराष्ट्रीय करियर काफी प्रभावशाली रहा है। उन्होंने अब तक 26 वनडे मैचों में 816 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं। टी20 इंटरनेशनल में 44 मैचों में 798 रन जमा किए हैं, जबकि टेस्ट क्रिकेट में 24 मुकाबलों में 2281 रन के साथ आठ शतक और 10 अर्धशतक के आंकड़े हैं। इन उपलब्धियों ने उन्हें वर्तमान में आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में नंबर दो के बल्लेबाजों में शामिल कर दिया है।

हैरी ब्रूक की नेतृत्व में इंग्लैंड की वनडे और टी20 टीम किस दिशा में आगे बढ़ेगी, यह देखने का इंतजार रहेगा।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!