April 20, 2026

2025 के पहले छह महीने: 5 बड़े हादसे, 357 मौतें और हर तरफ पसरा मातम

साल 2025 के पहले छह महीने देश के लिए बेहद तकलीफदेह रहे। जनवरी से जून के बीच ऐसे पांच बड़े हादसे हुए, जिन्होंने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। कहीं भगदड़ से चीख-पुकार मची, तो कहीं एक विमान हादसे ने सैकड़ों जिंदगियां लील लीं। इन सभी घटनाओं में अब तक कुल 357 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए हैं। अहमदाबाद प्लेन क्रैश सबसे भयावह हादसा साबित हुआ, जिसमें अकेले 265 लोग मारे गए। इसके अलावा प्रयागराज महाकुंभ, पहलगाम आतंकी हमला, दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़ और बेंगलुरु स्टेडियम हादसा भी गहरे जख्म दे गए।

अहमदाबाद प्लेन क्रैश
12 जून 2025 को एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरते ही दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टेक-ऑफ के कुछ ही मिनटों में यह विमान मेघनी नगर इलाके में एक रिहायशी इमारत से टकरा गया। इस भीषण हादसे में 242 यात्रियों में से 241 की मौत हो गई, जबकि जमीन पर मौजूद कई लोगों की जान भी चली गई। इस तरह कुल 265 लोग इस हादसे की भेंट चढ़े। विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और अभिनेता संजय कपूर भी सवार थे। यह 2025 का सबसे बड़ा और सबसे दुखद हादसा बन गया।

महाकुंभ भगदड़
28-29 जनवरी 2025 की रात प्रयागराज में महाकुंभ मेले के दौरान मौनी अमावस्या पर स्नान करने पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ संगम नोज क्षेत्र में उमड़ पड़ी। बैरिकेड टूटने और भीड़ के दबाव में भगदड़ मच गई। इस घटना में 37 लोगों की मौत हुई, जबकि 60 से अधिक घायल हो गए। हादसा पूरी तरह अव्यवस्था और भीड़ नियंत्रण में नाकामी का नतीजा था।

पहलगाम आतंकी हमला
अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम स्थित बैसरन घाटी में आतंकी हमला हुआ। छुट्टियां मनाने पहुंचे पर्यटकों पर अचानक हमला किया गया, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गई। मारे गए लोगों में कर्नाटक, ओडिशा और उत्तर प्रदेश के नागरिक शामिल थे। यह हमला कश्मीर की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।

दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़
15 फरवरी को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म 14 और 15 पर भारी भीड़ के चलते भगदड़ मच गई। यह हादसा प्रयागराज के लिए विशेष ट्रेन की अफवाह और प्लेटफॉर्म बदलने की जानकारी से फैले भ्रम के कारण हुआ। लोग अचानक ओवरब्रिज की ओर दौड़ पड़े और एक-दूसरे पर गिरते चले गए। इसमें 18 लोगों की मौत हो गई, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। 25 से अधिक लोग घायल हुए।

बेंगलुरु स्टेडियम हादसा
IPL 2025 में RCB की जीत के जश्न में बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। स्टेडियम की क्षमता 35,000 है, लेकिन लाखों की संख्या में लोग बाहर जमा हो गए। जब अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली, तो भीड़ ने गेट तोड़ दिया जिससे भगदड़ मच गई। इस हादसे में 11 लोगों की जान चली गई।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!