May 2, 2026

18 साल का साथ, दो बेटे और अब सिर्फ आरोप… जब रवि मोहन की निजी ज़िंदगी बन गई सार्वजनिक तमाशा

बड़े पर्दे पर स्टारडम और निजी ज़िंदगी में टूटते रिश्ते… ये सिलसिला फिल्म इंडस्ट्री में नया नहीं है, लेकिन जब कोई रिश्ता 18 साल तक साथ चले और फिर सार्वजनिक तौर पर टूटे, तो सिर्फ दो लोगों की कहानी नहीं रहती—वो एक इमोशनल तूफान बन जाती है। ऐसा ही तूफान इस वक्त साउथ इंडस्ट्री के चर्चित एक्टर और बिजनेसमैन रवि मोहन की ज़िंदगी में उठा है।

हाल ही में रवि मोहन की एक शादी समारोह में उनकी कथित गर्लफ्रेंड केनिशा फ्रांसिस के साथ मौजूदगी ने सोशल मीडिया और गॉसिप की दुनिया में हलचल मचा दी। लेकिन जहां एक तरफ एक्टर अपने नए रिश्ते की झलकियों में नजर आ रहे थे, वहीं दूसरी ओर उनकी एक्स वाइफ आरती ने एक ऐसा इमोशनल पोस्ट शेयर किया, जिसने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया।

आरती ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से एक लंबा पोस्ट लिखा है, जिसमें उन्होंने रवि मोहन पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि वो अब तक चुप थीं, सिर्फ इसलिए नहीं कि उनके पास कहने को कुछ नहीं था, बल्कि इसलिए क्योंकि उन्हें अपने बेटों की शांति किसी भी स्पष्टीकरण से ज़्यादा प्रिय थी। आरती ने अपने पोस्ट में लिखा,
“एक साल से मैं चुप हूं, इसलिए नहीं कि मैं कमजोर थी, बल्कि इसलिए क्योंकि मुझे सुने जाने से ज्यादा जरूरी मेरे बेटों को शांति थी।”

उन्होंने बताया कि अलग होने के बाद से उनके दोनों बेटों ने कई तरह की परेशानियां झेली हैं, और रवि मोहन न सिर्फ पति, बल्कि पिता की जिम्मेदारियों से भी पीछे हट गए हैं। उनके अनुसार, तलाक की प्रक्रिया अब भी चल रही है, लेकिन रवि का रवैया उनकी उम्मीदों और उस विश्वास के बिल्कुल विपरीत रहा है, जो उन्होंने 18 सालों तक अपने रिश्ते में रखा था।

आरती ने अपने पोस्ट में बेहद भावुक शब्दों में लिखा,
“मैं नहीं चाहती थी कि मेरे बच्चों को यह बोझ उठाना पड़े कि वे अपने माता-पिता में से किसी एक को चुनें। जिस आदमी के साथ मैंने प्यार, वफ़ादारी और भरोसे में 18 साल बिताए, वही अब हर उस वादे से पीछे हट गया है जो उसने कभी मेरे और बच्चों से किए थे।”

इस पूरे मामले ने रवि मोहन की निजी ज़िंदगी को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है। जहां एक तरफ उनकी रूमर्ड गर्लफ्रेंड के साथ उनकी तस्वीरें वायरल हो रही हैं, वहीं दूसरी ओर आरती का पोस्ट सोशल मीडिया पर लोगों की सहानुभूति और समर्थन हासिल कर रहा है।

ये कहानी सिर्फ एक टूटा रिश्ता नहीं, बल्कि उन अनकहे दर्द की चीख है जो तब सुनाई देती है, जब ग्लैमर की चमक के पीछे छिपी सच्चाई सामने आती है। फिलहाल रवि मोहन की ओर से इस पूरे मामले पर कोई बयान नहीं आया है, लेकिन आरती के इन आरोपों ने जरूर एक नया सवाल खड़ा कर दिया है—क्या स्टारडम के पीछे रिश्तों की जिम्मेदारी कहीं खो जाती है?

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!