आज के समय में डायबिटीज एक आम लेकिन गंभीर बीमारी बन चुकी है, जो गलत लाइफस्टाइल और खानपान की वजह से तेजी से फैल रही है। खासकर सर्दियों में डायबिटीज मरीजों को अपनी दिनचर्या और डाइट को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत होती है, क्योंकि इस मौसम में शरीर की मेटाबॉलिक जरूरतें बदल जाती हैं और ब्लड शुगर पर सीधा असर पड़ता है।
डायबिटीज कंट्रोल करने में सुबह का समय सबसे अहम माना जाता है। खाली पेट जो भी खाया या पिया जाता है, वह पूरे दिन के ब्लड शुगर लेवल की दिशा तय करता है। यही कारण है कि सुबह का पहला भोजन सोच-समझकर लेना बेहद जरूरी हो जाता है।
आरएमएल हॉस्पिटल के मेडिसिन विभाग के डायरेक्टर प्रोफेसर डॉ. सुभाष गिरि बताते हैं कि डायबिटीज मरीजों को सुबह खाली पेट हल्का, पौष्टिक और फाइबर से भरपूर भोजन लेना चाहिए। दिन की शुरुआत गुनगुने पानी से करना शरीर के लिए फायदेमंद रहता है और मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाता है।
इसके अलावा सीमित मात्रा में भिगोए हुए बादाम या अखरोट लिए जा सकते हैं, जो शरीर को जरूरी फैट और ऊर्जा प्रदान करते हैं, बिना शुगर लेवल को तेजी से बढ़ाए। अंकुरित दालें, ओट्स या दलिया जैसे खाद्य पदार्थ ब्लड शुगर को स्थिर रखने में मदद करते हैं और लंबे समय तक पेट भरा रखने का काम करते हैं।
सुबह के समय आंवला या आंवले का रस भी डायबिटीज मरीजों के लिए लाभकारी माना जाता है। यह इम्यून सिस्टम को मजबूत करने के साथ-साथ ब्लड शुगर कंट्रोल में सहायक होता है। हरी सब्जियों से बना हल्का जूस या सलाद पाचन को दुरुस्त करता है और शरीर को जरूरी पोषक तत्व देता है।
वहीं दूसरी ओर, डायबिटीज मरीजों को सुबह खाली पेट कुछ चीजों से दूरी बनाकर रखनी चाहिए। मीठी चाय, शक्कर या गुड़ मिला दूध और पैकेज्ड जूस ब्लड शुगर को अचानक बढ़ा सकते हैं, जिससे दिनभर शुगर कंट्रोल करना मुश्किल हो जाता है।
सफेद ब्रेड, बिस्किट, केक और तली-भुनी चीजें भी सुबह खाली पेट लेने से बचना चाहिए, क्योंकि इनमें मौजूद रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट तेजी से शुगर स्पाइक का कारण बनते हैं। इसके अलावा केला जैसे अधिक मीठे फल भी खाली पेट नुकसानदायक हो सकते हैं।
डायबिटीज को कंट्रोल में रखने के लिए सिर्फ खानपान ही नहीं, बल्कि पूरी दिनचर्या का संतुलन जरूरी है। नियमित समय पर भोजन करना, रोज हल्की एक्सरसाइज या वॉक करना, दवाइयों का समय पर सेवन, ब्लड शुगर की नियमित जांच और पर्याप्त नींद — ये सभी चीजें मिलकर डायबिटीज मैनेजमेंट में अहम भूमिका निभाती हैं।
Share this content:
