April 21, 2026

दिल्ली की महिलाओं के लिए बड़ी सौगात! आज होगा बड़ा ऐलान, ₹2500 योजना पर लगेगी मुहर?

दिल्ली की महिलाओं के लिए खुशखबरी है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च) के मौके पर दिल्ली सरकार की महत्वाकांक्षी “महिला समृद्धि योजना” को लेकर बड़ा ऐलान होने की संभावना है। आज मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में कैबिनेट की अहम बैठक हो रही है, जिसमें इस योजना पर अंतिम मुहर लग सकती है।

BJP का चुनावी वादा पूरा होने की उम्मीद

दिल्ली में चुनाव प्रचार के दौरान भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सत्ता में आने पर गरीब महिलाओं को हर महीने ₹2500 देने का वादा किया था। अब सरकार इस योजना को लागू करने की तैयारी में है। अनुमान लगाया जा रहा है कि JLN स्टेडियम में होने वाले एक बड़े कार्यक्रम में BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में इस योजना की आधिकारिक घोषणा हो सकती है।

किन महिलाओं को मिलेगा योजना का लाभ?

हालांकि, यह राशि दिल्ली की सभी महिलाओं को नहीं मिलेगी। केवल वे महिलाएं इस योजना का लाभ उठा सकेंगी, जो गरीब परिवार से आती हैं और जिनकी वार्षिक आय ₹3 लाख से कम है। इसके अलावा, सरकारी नौकरी (स्थायी या अस्थायी) करने वाली महिलाएं इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगी। योजना का उद्देश्य जरूरतमंद महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

कैसे करें आवेदन?

योजना के तहत योग्य महिलाओं को ऑनलाइन माध्यम से आवेदन करना होगा। रजिस्ट्रेशन आज (8 मार्च) से शुरू होने की संभावना है। आवेदन के लिए निम्नलिखित दस्तावेज आवश्यक होंगे:

आधार कार्ड

दिल्ली का निवास प्रमाण पत्र

आधार से लिंक बैंक खाता

आय प्रमाण पत्र

आम आदमी पार्टी (AAP) ने BJP सरकार से इस योजना को लेकर लगातार जवाब मांगा था। AAP नेता आतिशी ने हाल ही में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को चिट्ठी लिखकर चुनावी वादे की याद दिलाई थी। अब सभी की निगाहें सरकार की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!