अमेरिका के बाद डोनाल्ड ट्रंप बन गए इस देश के एक्टिंग राष्ट्रपति? खुद की घोषणा

अमेरिका द्वारा वेनेजुएला पर किए गए सैन्य हमले और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद एक नया विवाद खड़ा हो गया है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक तस्वीर शेयर की, जिसमें खुद को वेनेजुएला का कार्यवाहक राष्ट्रपति (Acting President) बताया गया है। इस दावे ने अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल मचा दी है और सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर तीखी बहस शुरू हो गई है।

डोनाल्ड ट्रंप द्वारा शेयर की गई तस्वीर में एक विकिपीडिया पेज का स्क्रीनशॉट दिखाया गया, जिसमें लिखा है कि ट्रंप ने 20 जनवरी 2025 को वेनेजुएला के कार्यवाहक राष्ट्रपति का पद संभाला और जनवरी 2026 तक वह इस पद पर बने हुए हैं। इतना ही नहीं, इस कथित पेज में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को वेनेजुएला का उपाध्यक्ष भी बताया गया है। हालांकि, इस दावे की सच्चाई सामने आने के बाद यह साफ हो गया कि यह तस्वीर एडिट की गई है और इसका वास्तविक विकिपीडिया रिकॉर्ड से कोई लेना-देना नहीं है।

विकिपीडिया और अन्य सार्वजनिक व विश्वसनीय रिकॉर्ड्स में डोनाल्ड ट्रंप को वेनेजुएला का कार्यवाहक राष्ट्रपति नहीं बताया गया है। न तो किसी अंतरराष्ट्रीय संस्था और न ही किसी आधिकारिक दस्तावेज में इस तरह की कोई मान्यता मौजूद है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह महज एक राजनीतिक संदेश या दबाव बनाने की रणनीति हो सकती है, ताकि वेनेजुएला पर अमेरिकी नियंत्रण को वैध ठहराने की कोशिश की जा सके।

गौरतलब है कि कुछ हफ्ते पहले अमेरिका ने वेनेजुएला में एक बड़ा सैन्य ऑपरेशन चलाया था। इस कार्रवाई के दौरान वेनेजुएला के अपदस्थ राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को गिरफ्तार कर न्यूयॉर्क ले जाया गया। दोनों पर नार्को-आतंकवाद और अंतरराष्ट्रीय साजिश के गंभीर आरोप लगाए गए हैं और फिलहाल उन्हें ब्रुकलिन स्थित मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में रखा गया है। हालांकि, मादुरो ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है और इसे अमेरिका की साजिश बताया है।

मादुरो की गिरफ्तारी के बाद वेनेजुएला में सत्ता की जिम्मेदारी उपराष्ट्रपति और तेल मंत्री डेल्सी रोड्रिगेज को सौंपी गई है। उन्हें औपचारिक रूप से अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में शपथ दिलाई गई, जो नेशनल असेंबली में हुई। डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि जब तक वेनेजुएला में एक “सुरक्षित और विवेकपूर्ण राजनीतिक संक्रमण” पूरा नहीं हो जाता, तब तक अमेरिका वहां के प्रशासन पर नजर रखेगा।

इसी बीच ट्रंप ने वेनेजुएला के करीबी सहयोगी क्यूबा को भी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि क्यूबा को वेनेजुएला से मिलने वाली तेल आपूर्ति और आर्थिक मदद रोकी जा सकती है। ट्रंप के इन बयानों और दावों से साफ है कि वेनेजुएला संकट अब सिर्फ एक देश तक सीमित नहीं, बल्कि पूरी वैश्विक राजनीति को प्रभावित करने वाला मुद्दा बन चुका है।

Share this content:

About The Author