April 18, 2026

WTC में श्रीलंका की धमाकेदार शुरुआत, बांग्लादेश को पारी से हराकर सीरीज पर कब्जा

श्रीलंका ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 में अपनी पहली जीत दर्ज करते हुए बांग्लादेश को दूसरे टेस्ट में पारी और 78 रनों से हराया और दो मैचों की टेस्ट सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली। पहला टेस्ट ड्रॉ रहा था, लेकिन कोलंबो में खेले गए निर्णायक मुकाबले में मेजबान टीम ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए शानदार जीत हासिल की।

बांग्लादेश की दूसरी पारी मात्र 133 रनों पर सिमट गई। विकेटकीपर मुश्फिकुर रहीम ने सर्वाधिक 26 रन बनाए, लेकिन टीम का कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल पाया। श्रीलंका की ओर से प्रभात जयसूर्या ने 5 विकेट झटके, जबकि कप्तान धनंजय डीसिल्वा और थारिन्दु रत्नायके ने दो-दो विकेट लिए।

इससे पहले श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 458 रन बनाकर 211 रनों की मजबूत बढ़त हासिल की थी। पाथुम निसंका ने बेहतरीन 158 रन बनाए, और उन्हें इस शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ घोषित किया गया। दिनेश चंडीमल (93), कुसल मेंडिस (84), और लाहिरू उदारा (40) ने भी अहम योगदान दिया।

इस जीत के साथ श्रीलंका WTC की अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। शीर्ष पर ऑस्ट्रेलिया और दूसरे स्थान पर इंग्लैंड है। ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को हराया था, जबकि इंग्लैंड ने भारत को लीड्स टेस्ट में मात दी थी।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!