लखनऊ में बदला मौसम का मिजाज: हल्की ठंड ने दी दस्तक, 16 नवंबर से तेजी से गिरेगा पारा, बढ़ेगी कड़ाके की सर्दी

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। शनिवार सुबह से ही शहर के आसमान में हल्की धुंध छाई रही, जिसका असर अब हवा की गुणवत्ता पर भी साफ दिखाई देने लगा है। शहर का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 250 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। हवा में सबसे अधिक मात्रा PM2.5 कणों की पाई गई है। प्रदूषण के मामले में अलीगंज की स्थिति सबसे ज्यादा खराब रही, जहां AQI 314 तक पहुंच गया। इसके साथ ही अलीगंज रेड जोन में शामिल हो गया है। धुंध और प्रदूषण के चलते राजधानी की विजिबिलिटी भी प्रभावित हुई है। शहर की कई प्रमुख इमारतें धुंध की चादर में ढकी नजर आईं, जबकि दूर स्थित इमारतें पूरी तरह ओझल दिखाई दीं।

लखनऊ में गुलाबी ठंड के बाद अब कड़ाके की सर्दी दस्तक देने को तैयार है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 14 से 15 नवंबर के दौरान प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके बाद 16 नवंबर से लखनऊ समेत प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। तापमान में इस बदलाव के साथ ही सुबह और शाम के समय ठंड का असर तेजी से बढ़ेगा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब पहुंचने की संभावना है। मौसम में होने वाला यह बदलाव नवंबर के दूसरे पखवाड़े की शुरुआत के साथ सर्दी बढ़ने का संकेत दे रहा है।

पश्चिमी विक्षोभ के चलते बदलेगा मौसम, पहाड़ों की बर्फबारी का दिखेगा असर

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, वर्तमान में कश्मीर के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। हालांकि इसका उत्तर प्रदेश के मौसम पर कोई सीधा प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है, लेकिन इसके असर से उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों और पश्चिमी मैदानी इलाकों में बारिश हो सकती है। पहाड़ों पर होने वाली बारिश और बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं का प्रभाव बढ़ जाएगा। इन्हीं ठंडी हवाओं के चलते 16 नवंबर से प्रदेश में तापमान तेजी से नीचे गिरने की संभावना है। इसका सीधा असर लोगों की दिनचर्या पर भी दिखाई देगा और सुबह-शाम के साथ रात में भी ठंड बढ़ेगी।

शनिवार को सुबह छाई रहेगी धुंध, दिन में मौसम साफ होने के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार सुबह राजधानी में हल्की धुंध छाई रहने का अनुमान है। हालांकि, सुबह के बाद आसमान साफ होने और मौसम सामान्य रहने की संभावना जताई गई है। शनिवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं, शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस दौरान अधिकतम आर्द्रता 94 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 49 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई। आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट के साथ ही राजधानी में ठंड का असर और तेज होने के आसार हैं।

Share this content:

About The Author

You may have missed