ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज: विराट और रोहित के प्रदर्शन को लेकर अजीत अगरकर ने दिया साफ जवाब
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 19 अक्टूबर से शुरू हो रही वनडे सीरीज में पूर्व कप्तान विराट कोहली और रोहित शर्मा का प्रदर्शन लगातार चर्चा में है। दोनों का खेल इस सीरीज में उनके भविष्य और वर्ल्ड कप 2027 में खेलने की संभावना पर असर डाल सकता है। इस पर BCCI के चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने स्पष्ट बयान दिया है।
अगरकर ने एक न्यूज चैनल के इवेंट में कहा कि उनका ध्यान केवल एक-दो खिलाड़ियों पर नहीं, बल्कि पूरे टीम के प्रदर्शन पर है। उन्होंने साफ किया कि विराट और रोहित को किसी सीरीज में प्रदर्शन साबित करने की जरूरत नहीं है। अगरकर ने कहा, “ये थोड़ी मूर्खता होगी कि केवल एक सीरीज के आधार पर इनके भविष्य का निर्णय लिया जाए। दोनों ने क्रिकेट में बहुत कुछ हासिल किया है और उनकी काबिलियत पर कोई सवाल नहीं है।”
चीफ सेलेक्टर ने बताया कि चाहे दोनों खिलाड़ी इस सीरीज में रन बनाएं या नहीं, इसका उनके वर्ल्ड कप 2027 में खेलने पर असर नहीं पड़ेगा। उनका कहना था कि रोहित और विराट लंबे समय से क्रिकेट खेल रहे हैं और उनके अनुभव को देखते हुए एक-दो मैच की नाकामी किसी तरह का निर्णायक पैमाना नहीं बन सकती।
हालांकि, अगरकर के बयान के बावजूद यह सच है कि दोनों खिलाड़ी अपने करियर के अंतिम पड़ाव पर हैं। टीम में युवा खिलाड़ी जैसे यशस्वी जायसवाल, तिलक वर्मा और रियान पराग आने के बाद हर मैच उनके लिए परीक्षा की तरह होगा। इसलिए हर प्रदर्शन पर नजर रहेगी, लेकिन एक सीरीज में असफलता उनका करियर खत्म करने वाली नहीं होगी।
इस बयान से साफ है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा को अभी भी टीम में अपना स्थान सुरक्षित है और उनके अनुभव की अहमियत को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
Share this content:
